सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियों में जुटा निगम प्रशासन, निगमायुक्त तपस्या परिहार ने कटाएघाट पहुंचकर लिया जायजा, 20 नवंबर को होगा मुख्यमंत्री कन्या विवाह का आयोजन

कटनी। मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना के अंतर्गत आगामी 20 नवंबर को कटाएघाट में आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने मंगलवार को कटाएघाट पहुंचकर आयोजन स्थल का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने आयोजन में शामिल होने वाले जनप्रतिनिधियों, वर-वधुओं, उनके परिजनों एवं अतिथियों की बैठक व्यवस्था का जायजा लिया। इसके साथ ही मंच, विवाह बेदी एवं पूजन स्थलों की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।
बैठक, पेयजल से लेकर रोशनी तक के पुख्ता इंतजाम के निर्देश
निगमायुक्त ने आयोजन स्थल पर मैदान का समतलीकरण, टेंट एवं मंच व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा आवागमन को सुगम बनाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जाएं, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
हितग्राहियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता
निगमायुक्त तपस्या परिहार ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना के तहत आयोजित होने वाला सामूहिक विवाह सम्मेलन एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी आयोजन है। इसमें शामिल होने वाले प्रत्येक हितग्राही, वर-वधू और उनके परिजनों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा आयोजन को गरिमापूर्ण, व्यवस्थित और सफल बनाने के निर्देश दिए। निगम प्रशासन का प्रयास है कि 20 नवंबर को होने वाला यह आयोजन बेहतर व्यवस्थाओं के साथ संपन्न हो।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *