दीपावली पर अग्नि सुरक्षा को लेकर निगम प्रशासन सतर्क, प्रमुख बाजारों में फायर ब्रिगेड वाहन से की गई पेट्रोलिंग, आपातकालीन परिस्थितियों में फायर ब्रिगेड की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने अतिक्रमण एवं अग्निशमन विभाग का संयुक्त निरीक्षण

कटनी। दीपावली पर्व के दौरान शहर के प्रमुख बाजारों में बढ़ने वाली व्यापारिक गतिविधियों, पटाखों की दुकानों एवं संभावित अग्निदुर्घटनाओं को दृष्टिगत रखते हुए नगर निगम प्रशासन द्वारा अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देशानुसार शनिवार शाम निगम की अग्निशमन एवं अतिक्रमण विभाग की संयुक्त टीम ने फायर ब्रिगेड वाहन के साथ शहर के प्रमुख बाजारों एवं व्यस्त मार्गों पर पेट्रोलिंग कर आपातकालीन आवागमन की स्थिति का जायजा लिया।
पेट्रोलिंग सिविल लाइन फायर जोन से प्रारंभ होकर रेलवे स्टेशन, कमानिया गेट गली, कपड़ा बाजार, झंडा बाजार, सराफा मार्केट, शेर चौक, आजाद चौक एवं मिशन चौक तक की गई। इस दौरान विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया कि बाजारों में दुकानों के सामने अनावश्यक अतिक्रमण, सड़क पर रखी सामग्री अथवा अव्यवस्थित पार्किंग के कारण अग्निशमन वाहन के आवागमन में बाधा उत्पन्न न हो तथा किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में फायर ब्रिगेड तत्काल घटनास्थल तक पहुंच सके।
निगम प्रशासन द्वारा दीपावली पर्व के दौरान बाजार क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा एवं आपातकालीन सेवाओं की तत्परता बनाए रखने के उद्देश्य से यह पेट्रोलिंग निरंतर जारी रखी जाएगी। पेट्रोलिंग के दौरान सहायक फायर प्रभारी शैलेन्द्र कुमार दुबे सहित अग्निशमन एवं अतिक्रमण विभाग की टीम उपस्थित रही। निगम प्रशासन की नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील है कि वे दुकानों के सामने एवं बाजार मार्गों पर अतिक्रमण न करें, पटाखों एवं ज्वलनशील सामग्री के विक्रय में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करें तथा फायर ब्रिगेड के आवागमन के लिए मार्ग सदैव बाधारहित रखें, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किया जा सके।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *