मित्तल एन्क्लेव में क्लब हाउस निर्माण को लेकर गहराया विवाद, रहवासियों ने पोस्टर लगाकर बिल्डर से मांगा जवाब, आंदोलन की दी चेतावनी

कटनी। स्थानीय मित्तल एन्क्लेव कॉलोनी में क्लब हाउस निर्माण को लेकर कॉलोनीवासियों और मित्तल कंस्ट्रक्शन/PLM बिल्डर्स के बीच चल रहा गतिरोध अब और गहरा गया है। सुविधाओं के अधूरे वादों से नाराज रहवासियों ने अब सीधे बिल्डर प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
एक साल से चल रहा पत्राचार, पर नतीजा शून्य
कॉलोनी समिति का आरोप है कि जब कॉलोनी विकसित की जा रही थी, तब रहवासियों को क्लब हाउस सहित कई अत्याधुनिक सुविधाओं का वादा किया गया था। लेकिन सालों बीत जाने के बाद भी धरातल पर क्लब हाउस का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।
समिति के पदाधिकारियों के अनुसार पिछले लगभग एक वर्ष से बिल्डर और रहवासियों के बीच इस मुद्दे को लेकर लगातार बैठकें और पत्राचार का दौर चल रहा है। हर बार केवल आश्वासन ही हाथ लगा है, जिससे अब तक कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया है। बिल्डर के इस ढुलमुल रवैए के कारण अब पूरी कॉलोनी के रहवासियों में भारी नाराजगी है।
सार्वजनिक बोर्ड/पोस्टर लगाकर मांगा जवाब
बिल्डर की कथित वादाखिलाफी से तंग आकर हाल ही में समिति ने कॉलोनी परिसर में सार्वजनिक रूप से बोर्ड (फ्लेक्स) लगा दिया है। इस बोर्ड के माध्यम से बिल्डर प्रबंधन से सीधे सवाल पूछे गए हैं और क्लब हाउस का निर्माण शीघ्र प्रारंभ करने की मांग की गई है। समिति ने चेतावनी देते हुए कहा है की “यदि तय शर्तों और वादों के अनुरूप क्लब हाउस का निर्माण कार्य जल्द ही धरातल पर शुरू नहीं किया गया, तो समस्त कॉलोनीवासी एक बार फिर से शांतिपूर्ण आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। हम केवल वही सुविधाएं मांग रहे हैं, जिसका वादा हमसे निवेश के वक्त किया गया था।”
बिल्डर के रुख पर टिकी निगाहें
कॉलोनीवासियों द्वारा उठाए गए इस कड़े कदम के बाद अब पूरे क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सभी की निगाहें बिल्डर प्रबंधन के आगामी रुख और उनके जवाब पर टिकी हुई हैं कि क्या वे रहवासियों की मांगों को पूरा करते हैं या फिर यह विवाद आंदोलन का रूप लेगा।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *