ग्रीष्मकाल में निर्बाध पेयजल आपूर्ति के लिए निगम प्रशासन के सतत प्रयास जारी
कटनी। भीषण गर्मी एवं घटते जलस्रोतों की चुनौती के बीच नगर पालिक निगम कटनी द्वारा नगरवासियों को पर्याप्त, स्वच्छ एवं निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए बहुआयामी प्रयास किए जा रहे हैं। निगम प्रशासन द्वारा जलापूर्ति व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग, पेयजल गुणवत्ता की सतत जांच, पाइपलाइन लीकेज की त्वरित मरम्मत, जल संरक्षण कार्यों तथा आवश्यकतानुसार टैंकरों के माध्यम से वैकल्पिक जलापूर्ति सुनिश्चित कर नागरिकों को राहत प्रदान की जा रही है। निगम प्रशासन का जलप्रदाय अमला पूरी सक्रियता के साथ कार्य करते हुए जलापूर्ति संबंधी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कर रहा है।
अपस्ट्रीम में एकत्रित जल को बैराज तक पहुंचाने के प्रयास जारी
नगर की पेयजल व्यवस्था को दीर्घकाल तक सुचारू बनाए रखने के लिए निगम प्रशासन द्वारा जल संरक्षण के विशेष कार्य किए जा रहे हैं। बैराज के जलस्तर में लगातार आ रही गिरावट को देखते हुए अपस्ट्रीम क्षेत्र में एकत्रित जल को बैराज तक पहुंचाने के लिए मशीनों के माध्यम से नदी में विशेष चैनल निर्माण एवं गाद निकासी का कार्य कराया जा रहा है। इस प्रयास से जल प्रवाह को सुगम बनाते हुए उपलब्ध जल का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जा सकेगा, जिससे नगर की पेयजल व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
जलापूर्ति व्यवस्था की सतत मॉनिटरिंग एवं शिकायतों का निराकरण
नगर में सुचारू पेयजल आपूर्ति बनाए रखने के उद्देश्य से जलप्रदाय विभाग द्वारा दैनिक आधार पर जल वितरण व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है। पाइपलाइन लीकेज, ट्यूबवेलों के जलस्तर में कमी, विद्युत कटौती अथवा विद्युत आपूर्ति बाधित होने व अन्य तकनीकी कारणों से उत्पन्न समस्याओं पर तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है। फील्ड स्तर पर अमला लगातार निरीक्षण कर जलापूर्ति व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने में जुटा हुआ है।
पेयजल गुणवत्ता की नियमित जांच
नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निगम प्रशासन द्वारा जल स्रोतों, ओवरहेड टंकियों तथा विभिन्न वार्डों में आपूर्ति किए जा रहे पेयजल के नमूनों की नियमित जांच कराई जा रही है। निर्धारित मानकों के अनुरूप जल गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु सतत निगरानी रखी जा रही है तथा किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर तत्काल सुधारात्मक कार्यवाही की जा रही है।
लीकेज पाइपलाइन की मरम्मत पर जोर
पेयजल की प्रत्येक बूंद को संरक्षित करने के उद्देश्य से निगम प्रशासन द्वारा पाइपलाइन लीकेज की शिकायतों पर गंभीरता से कार्यवाही की जा रही है। निगम कार्यालय, कंट्रोल रूम अथवा अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों पर जलप्रदाय विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य कर रही है। इससे जहां जल की अनावश्यक बर्बादी पर रोक लग रही है, वहीं नागरिकों को निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने में भी सहायता मिल रही है।
23 टैंकरों से वैकल्पिक जलापूर्ति की व्यवस्था
नगर के किसी भी क्षेत्र में जलापूर्ति प्रभावित होने की स्थिति में नागरिकों को असुविधा से बचाने के लिए निगम प्रशासन द्वारा 23 टैंकरों के माध्यम से वैकल्पिक जलापूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। जलसंकट अथवा तकनीकी कारणों से प्रभावित क्षेत्रों में प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही करते हुए आवश्यकतानुसार टैंकर भेजे जा रहे हैं, जिससे नागरिकों की दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति सुचारू रूप से हो सके।
नागरिकों को राहत दिलाने के लिए समन्वित प्रयास
निगम प्रशासन का लक्ष्य है कि ग्रीष्मकाल के दौरान नगर के किसी भी क्षेत्र में पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न न हो। इसी उद्देश्य से जल संरक्षण, गुणवत्ता परीक्षण, तकनीकी सुधार, शिकायतों के त्वरित निराकरण तथा वैकल्पिक जलापूर्ति जैसी व्यवस्थाओं को एकीकृत रूप से संचालित किया जा रहा है। निगम प्रशासन के इन सतत प्रयासों से नगरवासियों को समय पर स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में सकारात्मक परिणाम प्राप्त हो रहे हैं।







