बड़वारा में कांग्रेस का सत्याग्रह दूसरे दिन भी जारी, चरमराई स्वास्थ्य व्यवस्था के खिलाफ भूख हड़ताल पर अड़े कार्यकर्ता

कटनी, बड़वारा। क्षेत्रीय स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली और प्रशासन की अनदेखी के खिलाफ बड़वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने कांग्रेस का अनिश्चितकालीन सत्याग्रह और भूख हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। ब्लॉक कांग्रेस और युवा कांग्रेस के बैनर तले कार्यकर्ता भीषण ठंड के बीच अपनी मांगों को लेकर अड़े हुए हैं। आंदोलनकारियों का स्पष्ट कहना है कि जब तक व्यवस्थाओं में सुधार का ठोस लिखित आश्वासन नहीं मिलता, प्रदर्शन समाप्त नहीं होगा। ​भूख हड़ताल पर बैठे ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विकास निगम ने बताया कि बड़वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वर्तमान में सफेद हाथी साबित हो रहा है। उन्होंने प्रशासन के समक्ष ​अस्पताल में डॉक्टरों के रिक्त पदों पर तत्काल नियुक्ति,​ इमरजेंसी वाहनों की संख्या में बढ़ोतरी,​सीटी स्कैन मशीन की सुविधा,​स्थाई ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर की पदस्थापना की मांग रखी है।
​विकास निगम ने कहा, आज अनशन का दूसरा दिन है, लेकिन विडंबना देखिए कि जिम्मेदार अधिकारियों ने अब तक सुध लेना भी मुनासिब नहीं समझा। हमारी मांगों पर कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है।
​1 लाख की आबादी, सुविधाओं का अभाव
​आंदोलन में शामिल युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहम्मद इसराइल ने क्षेत्रीय जनता की पीड़ा को स्वर देते हुए कहा कि बड़वारा ब्लॉक की लगभग 1 लाख की आबादी इसी केंद्र पर निर्भर है। इसके बावजूद यहां न तो पर्याप्त डॉक्टर हैं और न ही महिला विशेषज्ञ। डॉक्टरों की कमी के कारण मरीजों को मजबूरन जिला मुख्यालय रेफर कर दिया जाता है। इस सफर के दौरान कई बार रास्ते में ही मरीजों की मौत हो जाती है। इतनी बड़ी आबादी के लिए मात्र एक एंबुलेंस उपलब्ध है, जो नाकाफी है।
​युवा कांग्रेस ने सीधे तौर पर सत्ता पक्ष को घेरते हुए कहा कि वे लंबे समय से ज्ञापन और पत्राचार के माध्यम से सरकार को जगाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन भाजपा सरकार और उनके जनप्रतिनिधि जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। कांग्रेसियों ने इसे आर-पार की लड़ाई करार देते हुए चेतावनी दी है कि जब तक स्वास्थ्य सेवाएं दुरुस्त नहीं होतीं, उनका अनशन अनवरत जारी रहेगा। ​सत्याग्रह के दौरान कांग्रेस आदिवासी जिला अध्यक्ष ओंकार सिंह, युवा कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष शैलेश जयसवाल, ब्लॉक अध्यक्ष अंसुल राजपूत, राघवेंद्र सिंह, माधव तिवारी, मनीष राय, के साथ भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, युवा कांग्रेस के पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *