किसानों की समस्याओं को लेकर विजयराघवगढ़ में कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन, राज्यपाल के नाम एसडीएम को सौंपा मांगपत्र

कटनी/विजयराघवगढ़। किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर गत शुक्रवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी विजयराघवगढ़, सिंगौड़ी एवं बरही के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने महामहिम राज्यपाल के नाम अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) विजयराघवगढ़ को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने क्षेत्र के किसानों की प्रमुख समस्याओं का उल्लेख करते हुए बताया कि पेट्रोल पंपों पर डीजल की अनियमित उपलब्धता, रासायनिक खाद की बढ़ी कीमतें, बिजली की अघोषित कटौती तथा कृषि विभाग से समय पर बीज उपलब्ध नहीं होने के कारण किसान परेशान हैं। कांग्रेस ने मांग की है कि किसानों के लिए प्रतिदिन डीजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराकर उसके बढ़े हुए दाम कम किए जाएं, अघोषित बिजली कटौती बंद कर कम से कम 12 घंटे बिजली दी जाए, छोटे किसानों को निःशुल्क बीज उपलब्ध कराया जाए तथा मूंग खरीदी का उपार्जन बढ़ाया जाए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो पार्टी किसानों के हित में आगे भी आंदोलन करेगी। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र सिंह बघेल, शरद द्विवेदी, अर्चिका द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *