केन-बेतवा परियोजना को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
कटनी। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर केन-बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित आदिवासी एवं किसान परिवारों के समर्थन में जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रदर्शन कर महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष Jeetu Patwari सहित अन्य कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं पर दर्ज प्रकरण वापस लेने की मांग उठाई।
कांग्रेसजनों ने कहा कि आदिवासी एवं किसान परिवार लंबे समय से अपने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनकी आवाज उठाने वाले नेताओं एवं कार्यकर्ताओं पर दमनात्मक कार्रवाई की जा रही है। जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एड. अमित शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा किसानों, आदिवासियों एवं कमजोर वर्गों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज प्रकरण लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र मामले वापस नहीं लिए गए तो जिला कांग्रेस कमेटी उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
जिला कांग्रेस अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ शहर अध्यक्ष अजय कोल ने कहा कि केन-बेतवा परियोजना से आदिवासी परिवारों के सामने जल, जंगल एवं जमीन का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्षरत है और कांग्रेस पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी है। अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ ग्रामीण अध्यक्ष ओमकार सिंह तेकाम ने कहा कि प्रभावित परिवारों को बिना उचित पुनर्वास एवं मुआवजे के विस्थापन स्वीकार नहीं होगा। उन्होंने सरकार से आदिवासी एवं किसान परिवारों की भावनाओं का सम्मान करते हुए उनकी समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की। धरना-प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एड. अमित शुक्ला, अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ शहर अध्यक्ष अजय कोल, ग्रामीण अध्यक्ष ओमकार सिंह तेकाम, पूर्व जिला अध्यक्ष अनुसूचित जनजाति रंजीत सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष राजेश जाटव, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष आफताब अहमद, सेवादल अध्यक्ष मंगल सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








