अनियमितता बरतने वाली शासकीय उचित मूल्य दुकानों के विरूद्ध करें कड़ी कार्रवाई, बोले कलेक्टर कलेक्टर, उमरियापान आईटीआई प्राचार्य को थमाया नोटिस

अनियमितता बरतने वाली शासकीय उचित मूल्य दुकानों के विरूद्ध करें कड़ी कार्रवाई, बोले कलेक्टर कलेक्टर, उमरियापान आईटीआई प्राचार्य को थमाया नोटिस

कटनी। जिले में शासकीय उचित मूल्य दुकानों में अनियमितता और कालाबाजारी करने वाले विक्रेताओं के विरूद्ध सख्‍त कार्रवाई की जाय। कलेक्टर आशीष तिवारी ने सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित विक्रेता के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर और नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
आईटीआई भवन स्थानांतरण में लापरवाही पर सख्त रुख
बैठक के दौरान उमरियापान आईटीआई भवन के स्थानांतरण में हो रही देरी पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। पूर्व में दिए गए निर्देशों के बावजूद भवन शिफ्टिंग नहीं होने पर कलेक्टर श्री तिवारी ने प्राचार्य संत सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही आईटीआई के नोडल प्राचार्य देवेश मिश्रा को एक सप्ताह के भीतर भवन स्थानांतरण सुनिश्चित करने की हिदायत दी।
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शिकायतों का गहन विश्लेषण करें और जिन हल्कों में शिकायतें अधिक हैं, वहां फील्ड विजिट कर समस्याओं का समाधान करें। कलेक्‍टर ने सामाजिक न्याय, स्वास्थ्य, लोक निर्माण विभाग, स्कूल शिक्षा, खनिज, सहकारिता तथा महिला एवं बाल विकास विभागों द्वारा शिकायतों के निराकरण में हीलाहवाली बरतने वाले अधिकारियों के क्रियाकलाप पर गहरी नाराजगी व्‍यक्‍त करते हुये विभागाध्‍यक्षों को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए।
टीएल और जनशिकायतों पर विशेष फोकस
टीएल पत्रों की समीक्षा के दौरान स्वास्थ्य, नगर निगम, शिक्षा, वन, पीडब्ल्यूडी, खनिज और सहकारिता विभागों से जुड़ी लंबित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि जनशिकायतों का समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
टीबी उन्मूलन अभियान में तेजी लाने के निर्देश
जिले में संचालित टीबी उन्मूलन अभियान की समीक्षा करते हुए जिला टीबी अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में लगभग 1510 सक्रिय मरीज हैं। इस पर कलेक्टर श्री तिवारी ने “निक्षय मित्र” अभियान के तहत शेष विभागों को शीघ्र फूड बास्केट राशि जमा करने और टीबी मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएमएचओ को स्वास्थ्य विभाग के लंबित स्थापना प्रकरणों का समय पर निराकरण करने तथा सभी स्वास्थ्य सूचकांकों में सुधार लाने के निर्देश भी दिए।
कृषि एवं आपूर्ति व्यवस्थाओं की समीक्षा
बैठक में मूंग एवं उड़द उपार्जन, खाद की उपलब्धता, परिवहन व्यवस्था और वितरण प्रणाली की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और उपार्जन कार्य सुचारू रूप से संचालित किया जाए।
राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर जोर
कलेक्‍टर श्री तिवारी ने नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन एवं अभिलेख दुरुस्ती जैसे राजस्व मामलों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। उन्‍होंने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से जुड़े लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर भी विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही फार्मर रजिस्ट्र्री, फार्मर आईडी बकेटिंग और तहसीलवार डिजिटाइजेशन कार्य की समीक्षा कर प्रगति तेज करने के निर्देश दिए गए।
समग्र ई-केवाईसी में गति लाने के निर्देश
कलेक्टर ने समग्र ई-केवाईसी कार्य की समीक्षा करते हुए सभी नगरीय एवं ग्रामीण निकायों को इस कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
छात्रावासों के निरीक्षण में लापरवाही पर नाराजगी
जनजातीय एवं अनुसूचित जाति वर्ग के छात्रावासों और आवासीय शिक्षण संस्थाओं में गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर द्वारा अधिकारियों को निरीक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इन आदेशों को संबंधित अधिकारियों तक समय पर नहीं पहुंचाने पर कलेक्टर ने जिला संयोजक ट्राइबल के प्रति गहरा असंतोष व्यक्त किया और सभी अधिकारियों को समयबद्ध निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
बैठक में समस्‍त एसडीएम, सिविल सर्जन यशवंत वर्मा, सीएमएचओ डॉ. राज सिंह ठाकुर, जिला व्‍यापार एवं उद्योग केन्‍द्र की महाप्रबंधक ज्‍योति सिंह ठाकुर, सहायक आयुक्‍त सहकारिता राजयशवर्धन सिंह कुरील, जिला पेंशन अधिकारी नीतू गुप्‍ता, जिला आबकारी अधिकारी विभाग मरकाम, आईटीआई प्राचार्य देवेश मिश्रा, शासकीय तिलक कालेज प्राचार्य सुनील वाजपेयी, उपंसचालक खनिज रत्‍नेश दीक्षित, जिला पंजीयक पंकज कोरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post

ओवरलोडिंग, बिना नंबर वाले वाहनों एवं स्‍कूल बसों के विरूद्ध चलायें जांच अभियान, बैठक में कलेक्‍टर ने दिये निर्देश, शिक्षा परिसरों के आस-पास नशे के कारोबार में लिप्‍त दुकानों की करें जांच