कलेक्टर ने कृषि उपज मंडी का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा, किसानों से किया संवाद

कटनी। कलेक्टर आशीष तिवारी ने मंगलवार को पहरूआ स्थित कृषि उपज मंडी समिति का औचक निरीक्षण कर मंडी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आवक-जावक गेट पर ई-मंडी एप के माध्यम से किसानों को जारी की जा रही प्रवेश पंजी की प्रक्रिया का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर श्री तिवारी ने मंडी प्रांगण में गेहूँ, चना, मसूर एवं सरसों की नीलामी शेड में रखी कृषि उपज का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों एवं मंडी कर्मचारियों से नीलामी प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत चर्चा की। नीलामी स्थल पर उपस्थित किसानों से मंडी में उपलब्ध सुविधाओं एवं भुगतान व्यवस्था के बारे में भी जानकारी ली। किसानों ने बताया कि उन्हें नीलामी के दिन ही शाम तक अपनी उपज का भुगतान व्यापारियों द्वारा प्राप्त हो जाता है, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा नहीं होती। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री तिवारी शेड क्रमांक 2 में गेहूँ की नीलामी प्रक्रिया में भी शामिल हुए और पूरी प्रक्रिया का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने मंडी परिसर की बाउंड्री वॉल को दुरुस्त करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए, ताकि सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर हो सके। इसके पश्चात कलेक्टर ने फल एवं सब्जी मंडी प्रांगण का भी निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंडी में किसानों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, जिससे उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *