नारकीय जीवन जी रहे शहरवासी, सड़के बदहाल, मोहर्रम से पहले सड़क, सीवर और बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग
कटनी। ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी के अध्यक्ष अहमद कुरैशी ने नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर शहर में चल रहे सीवर लाइन निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में शहर का ऐसा कोई भी हिस्सा नहीं बचा है जहां पर सड़क पूरी तरह से ध्वस्त न हो। कहने को शहर मगर वर्तमान में गांव से बत्तर हो चुकी कटनी की सड़के बदहाली की गवाही दे रही हैं। शहर वासी नरकीय जीवन जीने को मजबूर है।
अहमद कुरैशी ने बताया कि आगामी मोहर्रम पर्व लगभग 12 दिनों बाद प्रारंभ होने जा रहा है। यह पर्व वर्षा ऋतु के दौरान आयोजित होगा, जिसमें अलम जुलूस, ताजिया शरीफ और विभिन्न धार्मिक सवारियों में बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में शहर की कई सड़कों पर सीवर लाइन कार्य के कारण खुदाई और खराब मार्ग होने से श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने अपने आवेदन के माध्यम से जिला प्रशासन, नगर निगम और संबंधित विभागों का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए मांग की कि मोहर्रम से पहले जुलूस मार्गों की मरम्मत कर उन्हें सुरक्षित एवं सुगम बनाया जाए। इसके साथ ही जिला कलेक्टर एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों को भी अवगत कराते हुए जुलूस मार्ग में मौजूद झूलते हुए बिजली तारों को व्यवस्थित करने तथा आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की गई है। अहमद कुरैशी ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि धार्मिक आयोजन को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक कार्य समय पर पूर्ण किए जाएं, ताकि मोहर्रम पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके।








