बच्चों की प्रतिभाओं को मिलेगा मंच, नगर निगम के ग्रीष्मकालीन शिविर का हुआ शुभारंभ, मेधावी छात्रों को लैपटॉप प्रदान कर किया सम्मानित

कटनी। नगरपालिक निगम कटनी द्वारा संचालित स्कूलों के विद्यार्थियों को ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान खेल, कला, संस्कृति, संगीत, नृत्य तथा व्यक्तित्व विकास से जुड़ी विविध गतिविधियों का प्रशिक्षण प्रदान कर उनकी रचनात्मकता, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता को विकसित करने के उद्देश्य से निगम प्रशासन की अभिनव पहल पर ग्रीष्मकालीन प्रतिभा शिविर 2026 का शुभारंभ शुक्रवार को साधूराम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में उत्साह, उमंग और प्रेरणादायी वातावरण के बीच संपन्न हुआ। 
शिविर शुभारंभ के अवसर पर महापौर प्रीति संजीव सूरी, निगमाध्यक मनीष पाठक, निगमायुक्त तपस्या परिहार सहित मेयर इन काउंसिल सदस्य उमेंद्र अहिरवार, पार्षद सीमा श्रीवास्तव, शकुंतला सोनी, पूर्व पार्षद ऋचा गेलानी, समाजसेवी यज्ञदत्त मिश्रा, रेखा अंजू तिवारी हीरामणी बरसैंया सहित गणमान्य नागरिकों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, विभिन्न खेलों के प्रशिक्षकों की गरिमामयी मौजूदगी ने समारोह को विशेष ऊर्जा और उत्सव का स्वरूप प्रदान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती के पूजन के साथ किया गया। इस अवसर पर बच्चों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती पूजन गीत ने उपस्थित जनसमुदाय का मन मोह लिया। पूरे परिसर में बच्चों के उत्साह, जिज्ञासा और आत्मविश्वास की झलक स्पष्ट रूप से दिखाई दी। शिविर के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों द्वारा व्हालीवाल टीम के छात्रों से परिचय प्राप्त कर उनके साथ व्हालीबाल खेल कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।
बच्चों के सपनों को मिलेगी नई दिशा -महापौर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर प्रीति संजीव सूरी ने नगर निगम द्वारा आयोजित इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ खेल, कला, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना उनके व्यक्तित्व विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी छिपी प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें नई दिशा देने का अवसर प्रदान करते हैं। नगर निगम कटनी की यह पहल केवल एक शिविर नहीं, बल्कि बच्चों के सपनों को नई दिशा देने और उनके भविष्य को संवारने का एक सशक्त प्रयास है। आने वाले दस दिनों में यह मंच नन्हे प्रतिभागियों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास और कौशल को नई पहचान दिलाने का माध्यम बनेगा। उन्होंने छात्रों से इस सुनहरे अवसर का अधिक से अधिक लाभ प्राप्त करने की अपील की। वहीं निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने ग्रीष्मकालीन शिविर आयोजन को निगमायुक्त की एक अच्छी सोच बताते हुए कहा कि प्राइवेट स्कूलों की तर्ज पर अब निगम द्वारा संचालित स्कूलों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलेगा उन्होंने छात्रों से इस शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। 
मेधावी छात्रों को लैपटॉप प्रदान कर किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान नगर निगम द्वारा संचालित ए.रविन्द्र राव स्कूल के छात्र आकाश निषाद पिता शिवबली निषाद को कक्षा 10 वी में 90.6 प्रतिशत अंक तथा के.सी एस स्कूल की छात्रा कुमारी सनिया सिंह पिता पूरन सिंह द्वारा 90.02 प्रशित अंक प्राप्त कर शाला का नाम गौरवान्वित किये जाने पर लैपटॉप प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा अन्य मेघावी छात्रों को उपहार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। 
बच्चों की प्रतिभाओं को निखारने का प्रयास
निगमायुक्त तपस्या परिहार ने बताया कि प्रत्येक बच्चे के भीतर असीम संभावनाएं और विशेष प्रतिभाएं होती हैं। आवश्यकता केवल उन्हें उचित मंच और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने की है। अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में आयोजित ग्रीष्मकालीन प्रतिभा शिविर बच्चों को सीखने, सृजन करने, प्रतिस्पर्धा करने तथा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करेगा। यह शिविर बच्चों के व्यक्तित्व को निखारने के साथ-साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, टीम भावना एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
15 जून तक आयोजित होंगे शिविर
निगमायुक्त तपस्या परिहार ने बताया कि शिविर के अंतर्गत नगर निगम द्वारा संचालित तीनों विद्यालयों में विद्यार्थियों की रुचि एवं प्रतिभा के अनुरूप गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। जिसके तहत साधुराम उच्च माध्यमिक शाला में वॉलीबॉल, क्रिकेट, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, स्केटिंग एवं कबड्डी जैसी खेल गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं के.सी.एस. उच्च माध्यमिक शाला में कुकिंग, सेल्फ डिफेंस, पेंटिंग, आर्ट एंड क्राफ्ट तथा शतरंज जैसी रचनात्मक एवं कौशल आधारित गतिविधियां संचालित होंगी। इसके अतिरिक्त ए. रवीन्द्रनाथ उच्च माध्यमिक शाला में गायन, हारमोनियम वादन, ढोलक-तबला वादन, कथक नृत्य, वेस्टर्न डांस तथा ऑक्टोपैड (इलेक्ट्रॉनिक ड्रम) का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। जिसमें अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया जाएगा। शिविर का समापन 15 जून 2026 को प्रातः 11 बजे के.सी.एस. उच्च माध्यमिक शाला, नगर पालिक निगम कटनी में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का सफल संचालन जागेश्वर प्रसाद पाठक तथा आभार प्रदर्शन सहायक यंत्री आदेश जैन ने किया। कार्यक्रम के दौरान उपयुक्त शैलेश गुप्ता, प्रियंका झारिया, राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, सहायक यंत्री आदेश जैन, अनिल जायसवाल, उपयंत्री मृदुल श्रीवास्तव, मोना करेरा सहित निगम के अन्य अधिकारी कर्मचारी, शाला स्टाफ सहित काफी संख्या में छात्र छात्राओं की मौजूदगी रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *