उमरियापान पुलिस की तत्परता से रुका बाल विवाह, नाबालिग बालिका का भविष्य बचाया
कटनी। जिले की उमरियापान पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए ग्राम भटगवां में एक नाबालिग बालिका का बाल विवाह रुकवाकर सराहनीय कार्य किया है। पुलिस की समझाइश के बाद परिजनों ने विवाह रोकने पर सहमति जताई और बालिका के बालिग होने के बाद ही शादी करने का भरोसा दिया।
जानकारी के अनुसार 13 मई 2026 को थाना उमरियापान पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम भटगवां में 15 वर्षीय नाबालिग बालिका का विवाह कराया जा रहा है। मामले में माननीय न्यायालय जेएमएफसी ढीमरखेड़ा द्वारा भी जांच के निर्देश दिए गए थे।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उप निरीक्षक महेन्द्र जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने बालिका के माता-पिता एवं परिजनों को बाल विवाह के दुष्परिणामों और कानूनी प्रावधानों के बारे में विस्तार से समझाया। पुलिस की शालीन एवं मानवीय पहल का सकारात्मक असर हुआ और परिजनों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए विवाह रोक दिया। उमरियापान पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्रभर में प्रशंसा हो रही है। इस कार्यवाही में उप निरीक्षक भरत सिंह मार्को, प्रधान आरक्षक आशीष झारिया, अजय तिवारी सहित समस्त थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








