सेना का फर्जी अधिकारी बनकर ट्रांसपोर्टर और ट्रक मालिक से की 55 हजार की ठगी, मोदी जी के साथ तस्वीर लगाकर की ठगी

कटनी। कटनी जिले में ठगी का एक नया और शातिर मामला सामने आया है, जहां ऑर्डिनेंस फैक्ट्री कटनी से दूध के पैकेट राजस्थान भेजने के नाम पर ट्रांसपोर्टर और ट्रक मालिक को ठग लिया गया. जालसाज ने खुद को सेना का अधिकारी बताकर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से तैयार की गई फोटो को अपनी प्रोफाइल पिक्चर (DP) पर लगाकर इस पूरी वारदात को अंजाम दिया।
फर्जी पहचान और झांसे की शुरुआत
जानकारी के अनुसार, ‘गुजरात-राजस्थान रोड कैरियर’ के ट्रांसपोर्टर एस.के. दुबे से एक व्यक्ति ने संपर्क किया। कॉलर ने अपनी डीपी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मिठाई खाते हुए सेना की वर्दी पहने एक तस्वीर लगा रखी थी, जिससे किसी को उस पर शक न हो।
आरोपी ने खुद को ऑर्डिनेंस फैक्ट्री कटनी का अधिकारी बताते हुए कहा कि उन्हें कटनी से राजस्थान दूध के पैकेट भेजने हैं और इसके लिए चार ट्रकों की जरूरत है। उसने व्हाट्सएप पर फैक्ट्री की लोकेशन भी भेजी और ट्रांसपोर्टर को विश्वास में ले लिया।
ऐसे दिया ठगी को अंजाम
बातचीत के दौरान 90,000 रुपये किराया तय किया गया। इसके बाद राजस्थान के ट्रक मालिक हितेश नारायण मेहता की गाड़ी (क्रमांक- आरजे 27 जी 2571) को कटनी बुलाया गया, जो रात तीन बजे कटनी पहुंच गई। ट्रक गंतव्य से थोड़ा पहले रोके जाने के बाद, जालसाज ने सीधे ट्रक मालिक हितेश नारायण मेहता से बातचीत शुरू की। उसने 90 हजार रुपये किराया तय करने के बाद यह झांसा दिया कि वह खाते में डेढ़ लाख रुपये भेज रहा है। आरोपी ने कहा कि इस डेढ़ लाख रुपये में से कमीशन सहित अन्य भुगतान करने होंगे, इसलिए कुछ राशि (55 हजार रुपये) वापस कर दी जाए और बाकी रकम किराए के रूप में रख ली जाए। ट्रक मालिक ने आरोपी की बातों में आकर 55 हजार रुपये उसके बताए गए खाते में ट्रांसफर कर दिए. जैसे ही पैसे ट्रांसफर हुए, आरोपी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया।
कार्रवाई और नुकसान
काफी देर तक संपर्क न होने पर ट्रक मालिक को ठगी का अहसास हुआ और उसने तुरंत ट्रांसपोर्टर को इसकी जानकारी दी। पीड़ित की शिकायत के बाद त्वरित प्रयास से 20 हजार रुपये के ट्रांजेक्शन को होल्ड करवाने में सफलता मिल गई।
हालांकि, तब तक आरोपी 35 हजार रुपये निकाल चुका था। इस घटना के बाद ट्रक मालिक ने साइबर सेल में भी आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई। इस पूरी धोखाधड़ी के कारण ट्रांसपोर्टर कारोबारी को भी 10,000 रुपये से अधिक का नुकसान उठाना पड़ा है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *