जिले के 13 थाने हुए आईएसओ अवार्डेड, आईजी की मौजूदगी में एनकेजे थाने में हुआ सर्टिफिकेट वितरण
कटनी। जिले की पुलिस व्यवस्था के लिए रविवार का दिन गौरवपूर्ण रहा। जबलपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) प्रमोद कुमार वर्मा की मौजूदगी में कटनी जिले के 13 पुलिस थानों एवं तीन पुलिस कार्यालयों को आईएसओ सर्टिफिकेट प्रदान किए गए। एनकेजे थाना परिसर में आयोजित गरिमामय समारोह में थाना प्रभारियों को आईएसओ प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान आईजी प्रमोद कुमार वर्मा ने आईएसओ अवार्ड प्राप्त एनकेजे थाने का फीता काटकर लोकार्पण किया। इसके बाद थाना परिसर में आयोजित समारोह में उन्होंने कहा कि आईएसओ प्रमाणन पुलिस कार्यप्रणाली में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जनसंतुष्टि को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आईजी प्रमोद कुमार वर्मा उपस्थित रहे। इस अवसर पर कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, एसडीएम प्रमोद कुमार चतुर्वेदी, नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसया, डीएसपी अजाक शिवा पाठक, एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी, एसडीओपी वीरेन्द्र धारवे एवं डीएसपी रत्नेश मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा द्वारा आईजी प्रमोद कुमार वर्मा का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत करने के साथ हुई। मंचासीन अतिथियों का भी सम्मान किया गया। इस दौरान आईएसओ कंसल्टेंट योगेंद्र द्विवेदी ने आईएसओ प्रमाणन की प्रक्रिया एवं इसके महत्व की विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन किया गया तथा स्मारिका का विमोचन भी किया गया।
आईजी ने किया थानों का निरीक्षण
समारोह से पूर्व आईजी प्रमोद कुमार वर्मा ने स्लीमनाबाद, यातायात, कोतवाली, कुठला, माधवनगर एवं एनकेजे थाना सहित विभिन्न थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इन थानों और कार्यालयों को मिला आईएसओ प्रमाणन
आईएसओ प्रमाणन प्राप्त करने वाले थानों में कोतवाली, कुठला, माधवनगर, एनकेजे, स्लीमनाबाद, बहोरीबंद, उमरियापान, ढीमरखेड़ा, बड़वारा, विजयराघवगढ़, बरही तथा यातायात थाना शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस अधीक्षक कार्यालय, एसडीओपी स्लीमनाबाद कार्यालय एवं एसडीओपी विजयराघवगढ़ कार्यालय को भी आईएसओ प्रमाणन प्रदान किया गया।








