स्ट्रा मैनेजमेंट सिस्टम के बिना धान कटाई करने पर हार्वेस्टर मालिक और चालक पर केस दर्ज, जिला दंडाधिकारी के आदेश का उल्लंघन करने पर उमरियापान पुलिस ने की कार्रवाई

कटनी। जिला दंडाधिकारी के आदेश का उल्लंघन कर स्ट्रा मैनेजमेंट सिस्टम के बिना धान की कटाई करने के मामले में उमरियापान पुलिस ने हार्वेस्टर मालिक और चालक के विरुद्ध कार्रवाई की है। पुलिस ने हार्वेस्टर क्रमांक MP-04-WA-8442 से संबंधित मामले में धारा 223 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला कलेक्टर कटनी द्वारा जारी आदेश के तहत स्ट्रा मैनेजमेंट सिस्टम के बिना हार्वेस्टर से धान की कटाई प्रतिबंधित है। इसी क्रम में 1 नवंबर 2026 को थाना उमरियापान क्षेत्र में एक हार्वेस्टर बिना स्ट्रा मैनेजमेंट सिस्टम के धान की फसल की कटाई करते हुए पाया गया। मौके पर पुलिस ने हार्वेस्टर चालक शेख हलीम (36), निवासी ग्राम अल्ली, थाना एवं जिला रायसेन से पूछताछ की। चालक ने बताया कि वह वाहन स्वामी जितेन्द्र कुमार, निवासी तालाब मोहल्ला, थाना एवं जिला रायसेन के कहने पर धान की कटाई कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, यह कृत्य जिला कलेक्टर द्वारा जारी आदेश क्रमांक कृषि/फ.अव.प्र./2025-2026/5125/कटनी, दिनांक 9 मार्च 2026 का प्रथम दृष्टया उल्लंघन पाया गया। इसके बाद उमरियापान पुलिस ने अपराध क्रमांक 340/2026 दर्ज कर धारा 223 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत वैधानिक कार्रवाई की। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक महेन्द्र जायसवाल, सहायक उप निरीक्षक कोदूलाल दाहिया, प्रधान आरक्षक आशीष मेहरा, प्रधान आरक्षक अजय तिवारी, आरक्षक नीलेश पटेल एवं आरक्षक मोहन मुवेल की विशेष भूमिका रही। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के निर्देशन तथा एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में की गई।