शादी से लौट रहे युवकों की कार खड़े ट्रक में घुसी, दो की मौत, तीन गंभीर, चाका बायपास ओवरब्रिज के पास हुआ भीषण हादसा

कटनी। कटनी जिले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा चाका बायपास ओवरब्रिज के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
जानकारी के अनुसार, कार क्रमांक UP 70 EH 2790 में सवार पांच युवक एक शादी समारोह में शामिल होकर उत्तर प्रदेश के गोरखपुर लौट रहे थे। इसी दौरान कटनी के चाका बायपास ओवरब्रिज के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक कार के मलबे में बुरी तरह फंस गया, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। घायलों में प्रयागराज निवासी 40 वर्षीय विवेक राजपूत, गोरखपुर निवासी प्रीतम शुक्ला, कुंडा प्रतापगढ़ निवासी 33 वर्षीय अमित सिंह, सूर्यश सेंगर सहित एक अन्य युवक शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की वजह मानी जा रही है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *