सड़क किनारे खड़ी मासूम बालिका को टक्कर मार कर भागा कार चालक, बच्ची की हुई मौत, बाकल पुलिस ने घेराबंदी कर कार सहित चालक को दबोचा

कटनी। बाकल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम राजासलैया में सड़क किनारे खड़ी एक चार वर्षीय मासूम बालिका को लापरवाह कार चालक ने टक्कर मार दी। बालिका को टक्कर मारने के बाद कार चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना के बाद बालिका को अस्पताल ले जाया गया जहां पर उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी लगते ही बाकल पुलिस हरकत में आई और कार चालक की तलाश में घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस द्वारा किए गए त्वरित प्रयासों का परिणाम भी मिला और कुछ देर के अंदर ही आरोपी कार चालक कार सहित गिरफ्तार हो गया।
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बाकल थाना प्रभारी प्रतीक्षा सिंह चंदेल ने बताया कि आज 20 फरवरी की शाम लगभग 4 बजे ग्राम राजासलैया निवासी 4 वर्षीय मुस्तबिया पिता नसीम शाह सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान कार क्रमांक एमपी 19 सीसी 5320 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बालिका को टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद कार चालक कार लेकर बाकल की तरफ भाग निकला। गंभीर रूप से घायल बालिका को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां पर उसकी मौत हो गई। कार चालक के फरार होने की जानकारी मिलते ही बाकल पुलिस के द्वारा घेराबंदी की गई और कार को जब्त कर लिया गया। कार चालक अरुण अहिरवार के खिलाफ प्रकरण दर्ज करते हुए अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।