ग्राम पंचायतों के बिजली बिलों के समयबद्ध भुगतान के लिए जनपद स्तर पर लगेंगे शिविर, जिला पंचायत सीईओ ने जारी किए निर्देश
कटनी। ग्राम पंचायतों के विद्युत बिलों का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले की सभी जनपद पंचायतों में खंड स्तरीय विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरसिमरनप्रीत कौर ने जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों, मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड तथा ग्राम पंचायतों के सचिवों एवं ग्राम रोजगार सहायकों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
सीईओ ने निर्देश दिए हैं कि सभी ग्राम पंचायतों के सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक संबंधित शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर विद्युत कनेक्शन, मीटर एवं लंबित बिजली बिलों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्धारित बिंदुओं पर कार्रवाई कर उसकी जानकारी जिला पंचायत को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। जारी कार्यक्रम के अनुसार 1 सितंबर को बड़वारा, 2 सितंबर को बहोरीबंद, 3 सितंबर को ढीमरखेड़ा, 8 सितंबर को कटनी, 9 सितंबर को रीठी और 10 सितंबर को विजयराघवगढ़ जनपद पंचायत के सभा कक्ष में प्रातः 11 बजे से शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिला पंचायत प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं पंचायत कर्मियों से निर्धारित तिथियों पर उपस्थित होकर विद्युत बिलों के समयबद्ध भुगतान और आवश्यक प्रक्रियाओं का निराकरण सुनिश्चित करने की अपील की है।