घर से बुलाकर 20 वर्षीय युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला, सिर में किए तीन वार, बरगवां में आधा दर्जन युवकों ने दिया घटना को अंजाम

Oplus_16908288

कटनी। शहर के रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरगवां में पुरानी रंजिश को लेकर एक 20 वर्षीय युवक पर धारदार चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने युवक को घर से बाहर बुलाकर वारदात को अंजाम दिया, जिसमें उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल युवक का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार, बरगवां निवासी रिहान अली पिता शाकिर अली को शुक्रवार रात करीब 11 बजे कुछ लोगों ने घर से बाहर बुलाया था। बाहर निकलते ही उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में रिहान के सिर पर तीन और पुट्ठे पर दो गहरे वार किए गए हैं। वारदात के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने लहूलुहान हालत में युवक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
छह लोगों पर लगे हमले के आरोप
घायल युवक के परिजनों ने इस हमले में गुलाम कादिर, जीशान खान उर्फ जिस्सू, यशिक कुरैशी, हैदर अली, अयान अली और आरिफ के शामिल होने का आरोप लगाया है। प्रारंभिक तौर पर घटना की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घायल के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की भूमिका तय कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *