प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के क्रियान्वयन में लाएं प्रगति, वर्षा पूर्व पूर्ण करें पेंचवर्क सीवर रेस्टोरेशन का कार्य, निगमायुक्त ने समय-सीमा की बैठक दिए निर्देश

कटनी। नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार द्वारा सोमवार को निगम के एम आई सी सभागार में आयोजित समय-सीमा की बैठक में शासकीय योजनाओं, विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, महापौर जनसुनवाई, न्यायालयीन प्रकरणों, मानवाधिकार संबंधी पत्रों तथा फैक्ट न्यूज़ मामलों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों एवं प्रकरणों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में उपयुक्त द्वय शैलेश गुप्ता, प्रियंका झारिया, कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, असित खरे, अंशुमान सिंह, राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक सहित सभी सहायक यंत्री, उपयंत्री एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
सुगम आवागमन हेतु वर्षा पूर्व पूर्ण करें रेस्टोरेशन कार्य
अमृत योजना के तहत नगर के विभिन्न स्थानों पर कराये जा रहे सीवर लाइन एवं पाईपाइन विस्तार की प्रगति की समीक्षा के दौरान निगमायुक्त ने शेष कार्य को गति प्रदान कर रेस्टोरेशन का कार्य वर्षा ऋतु के पूर्व प्राथमिकता से पूर्ण करने तथा वर्षा ऋतु एवं नागरिकों के सुगम आवागमन एवं सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए नवीन स्थल पर रोड कटिंग का कार्य नहीं करने के निर्देश दिए। तथा बारिश के पूर्व सड़कों का पेंचवर्क कराने की दिशा में प्राथमिकता से कार्यवाही करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
आवास सर्वे का शेष कार्य शीघ्र करें पूर्ण
आईएचएसडीपी योजना के अंतर्गत प्रेमनगर में बिना आवेदन एवं अवैध रूप से निवासरत व्यक्तियों के सर्वे की वर्तमान स्थिति, नोटिस एवं भवन रिक्त कराने की कार्यवाही की समीक्षा कर इस कार्य हेतु गठित दल को शेष कार्य शीघ्र पूर्ण कराते हुए ऐसे हितग्राहियों जिन्हे पूर्व में भवन आवंटित होनें के पश्चात भी पजेशन प्राप्त नहीं हुआ उक्त प्रकरणों पर प्राथमिकता से कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जलभराव से निपटने तैयारियों की समीक्षा
आगामी वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए नगर के विगत वर्षों में जलभराव प्रभावित एवं संभावित क्षेत्रों में की जा रही तैयारियों की निगमायुक्त ने समीक्षा कर जलभराव संभावित क्षेत्रों में सुगम एवं त्वरित जल निकासी सुनिश्चित करने हेतु नदी पार कुठला, माधवनगर, राय कालोनी, दुगाडी नाला, कुम्हार मोहल्ला, हाउसिंग बोर्ड, एन.के.जे. जागृति कालोनी एवं धर्मलोक हास्पिटल के पास के नालों की सफाई का प्रगतिरत कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं। साथ ही नालों एवं ड्रेनेज तंत्र का नियमित निरीक्षण कर किसी भी प्रकार की बाधा को तत्काल दूर करने के साथ ही सफाई कार्य के दौरान खुले चेंबरों को प्राथमकिता से ढकनें के निर्देश दिए। ताकि वर्षाकाल में नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। निगमायुक्त ने नगर की सफाई व्यवस्था की भी विस्तृत समीक्षा कर व्यवस्था को सुचारू रखने के निर्देश स्वास्थ्य अधिकारी को दिए। निगमायुक्त ने घुमंतू मवेशियों एवं आवारा श्वानों के स्वतंत्र विचरण पर प्रभावी कार्यवाही करने के साथ ही जिला चिकित्सालय से एंटी रैबीज प्रकरणों की रोजाना की रिपोर्ट प्रस्तुत करने की हिदायत स्वास्थ्य अधिकारी को दी।
जल गंगा संवर्धन अभियान
जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा के दौरान कार्यपालन यंत्री श्री मिश्रा द्वारा बताया गया कि अब तक 60 सार्वजनिक कुओं की सफाई सहित 94 हैंडपंप एवं बोरवेल रिचार्ज हेतु सोक पिट का निर्माण कराया जा चुका है। नगर निगम एवं सार्वजनिक सहयोग से नगर के विभिन्न स्थानों में 26 सार्वजनिक प्याऊ भी संचालित किये जा रहे है। इसके अतिरिक्त कटनी नदी के विभिन्न घाटों में नदी सफाई के साथ ही तालाबों की सफाई, रेन वाटर हार्वेस्टिंग की कार्यवाही एवं पोर्टल पर जानकारी दर्ज करने का कार्य प्रगतिरत है। जिस पर निगमायुक्त ने रेन वाटर हार्वेस्टिंग एवं पोर्टल पर एंट्री दर्ज करने के कार्य को गति प्रदान करने के निर्देश दिए। निगमायुक्त ने प्रतिदिन होने वाली पेयजल आपूर्ति की समीक्षा कर आपूर्ति को व्यवस्थित एवं सुचारू बनाये रखने हेतु भी निर्देशित किया।
सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का रोजाना करें रिव्यू
निगमायुक्त ने निगम से संबंधित सीएम हेल्पलाइन की स्वास्थ्य, अतिक्रमण, विद्युत, सीवेज सहित अन्य शाखाओं के सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों, 50 दिवस से अधिक की लंबित शिकायतों की शाखावार समीक्षा कर अधिकारियों को रोजाना शिकायतों पर कार्यवाही कर लंबित प्रकरणों का रिव्यू करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को अपने सलाह देते हुए कहा यदि विभाग समय पर अपने दायित्वों का निर्वहन करेगा तो नागरिकों को सीएम हेल्पलाइन में शिकायत करने की आवश्यकता नहीं पडेंगी।
15 दिवस रैंकिंग में लाएं सुधार
समीक्षा बैठक के दौरान प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत विभिन्न तीन श्रेणियों 15 हजार, 25 हजार एवं 50 हजार हेतु निर्धारित लक्ष्य के विपरीत अब तक प्राप्त कुल आवेदन, निरस्त आवेदन, बैंकों को प्रेषित आवेदन एवं ऋण स्वीकृति आवेदन की समीक्षा कर कम प्रगति पर नाराजगी जाहिर करते हुए 15 दिवस में रैंकिंग में सुधार लाने तथा शासन निर्देशानुसार आयोजित लोक कल्याण मेले में अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार योजना का लाभ प्रदान करने के निर्देश दिए। निगमायुक्त ने बैठक के दौरान संबल योजना के लंबित प्रकरणों, ई-के.वाई.सी के कार्य एवं बीपीएल सर्वे कार्य की भी समीक्षा की।
बैठक के दौरान निगमायुक्त नें जनसुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए निगम प्रशासन द्वारा जर्जर भवनों पर की जा रही कार्यवाही की समीक्षाकर उपयंत्रियों को एक बार पुनः वार्डो का निरीक्षण करनें, अनाधिकृत मैरिज गार्डन, एवं फायर सेफ्टी नियमों का उल्लंघन करनें वाले संस्थानों के विरूद्ध ट्रांसपोर्ट नगर की निविदाओं पर आगामी कार्यवाही करनें, निगम स्वामित्व की दुकानों पर शिकमी किरायेदारी पर प्रभावी कार्यवाही करने, ई आफिस के माध्यम से फाईलों का आनलाइन संचालन करने, वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रख निगम स्कूलों एवं कार्यालयों में आवश्यक मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए। सुगम एवं सुरक्षित आवागमन हेतु निगम प्रशासन कराये जा रहे रोड़ मार्किंग एवं जेब्रा क्रासिंग कार्य की समीक्षा कर के दौरान निगमायुक्त नें आवश्यकतानुसार नगर के प्रमुख मार्गो में नियमानुसार पार्किंग एवं नो पार्किंग का चिन्हांकन कर आवश्यक कार्यवाही करने तथा आवश्यकतानुसार रोड डिवाइडर की पेंटिंग का कार्य करानें के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए। बैठक के दौरान सहायक यंत्री अनिल जायसवाल, आदेश जैन, सुनील सिंह, उपयंत्री जे.पी बघेल, पवन श्रीवास्तव, मोना करेरा, मृदुल श्रीवास्तव, शैलेन्द्र प्यासी, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, प्रभारी राजस्व अधिकारी सागर नायक, सहित लेखाधिकारी, विधि अधिकारी, कार्यालय अधीक्षक सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं संबंधित लिपिकों की उपस्थिति रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *