देश की जनता के विश्वास का प्रतीक बन चुकी है भाजपा: विष्णुदत्त शर्मा, उत्साह के साथ मनाया गया भाजपा का 47 वां स्थापना दिवस

कटनी। भारतीय जनता पार्टी का 47वां स्थापना दिवस आज जिला कार्यालय कटनी में हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं खजुराहो लोकसभा क्षेत्र के सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने पार्टी ध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा कार्यकर्ताओं को मिष्ठान खिलाकर स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान जिला कार्यालय में वरिष्ठ भाजपाजनों का संगठन की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर भोपाल से प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया, जिसे सांसद वीडी शर्मा सहित सभी कार्यकर्ताओं ने एक साथ सुना। साथ ही प्रदेश के 17 जिलों में भाजपा कार्यालयों के भूमि पूजन कार्यक्रम का प्रसारण भी देखा गया।

इससे पूर्व कटनी आगमन पर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी ने सांसद विष्णुदत्त शर्मा का आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बन चुकी है, जिसके 14 करोड़ से अधिक सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए गर्व का विषय है कि हम ऐसे संगठन से जुड़े हैं, जिसने अपने अथक परिश्रम, समर्पण और राष्ट्रसेवा के संकल्प के बल पर देश की राजनीति में नई दिशा स्थापित की है। उन्होंने कहा कि एक समय लोकसभा में मात्र 2 सीटों से अपनी यात्रा प्रारंभ करने वाली भाजपा आज 300 से अधिक सीटों के साथ देश की जनता के विश्वास का प्रतीक बन चुकी है। यह परिवर्तन कार्यकर्ताओं की निष्ठा, संगठन की मजबूती एवं नेतृत्व की दूरदर्शिता का परिणाम है।

सांसद श्री शर्मा ने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी का मूल मंत्र ‘अंत्योदय’ है—अर्थात समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गांव, गरीब, किसान, युवा एवं महिलाओं के कल्याण के लिए अनेक ऐतिहासिक कार्य किए हैं, जिससे देश चहुंमुखी विकास की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन की रीति-नीति को जन-जन तक पहुंचाएं तथा राष्ट्र निर्माण के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। कार्यक्रम उपरांत सांसद विष्णुदत्त शर्मा, जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी एवं अन्य पदाधिकारियों ने भाजपा नेता चमनलाल आनंद के निवास पहुंचकर पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान किया, जिन्होंने संगठन को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

तदोपरांत सांसद सुविधा केंद्र में भी सांसद वीडी शर्मा एवं जिलाध्यक्ष दीपक टंडन द्वारा ध्वजारोहण कर कार्यकर्ताओं का मुंह मीठा कराया गया। इसके बाद सांसद श्री शर्मा ने बहोरीबंद विधान सभा के ग्राम कुआं के बूथ क्रमांक 213 में स्थापना दिवस कार्यक्रम में शिरकत करते हुए कार्यकर्ताओं को संबोधित किया एवं शुभकामनाएं दीं। यहां पर उनके साथ क्षेत्रीय विधायक प्रणय पांडे भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टण्डन तथा स्थानीय गणमान्य जन उपस्थित थे। इस अवसर पर अनुसूचित जनजाति मोर्चा प्रदेश महामंत्री सोहन सिंह, महापौर प्रीति सूरी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामरतन पायल, पूर्व जिलाध्यक्ष रामचन्द्र तिवारी, भंवर सिंह चौहान, नंदू बसरानी, सुरेश रोचलानी, संतोष जायसवाल, कैलाश जैन, सुरेश सोनी, सत्यनारायण अग्रहरि, ओंकार मिश्रा, जिला महामंत्री मनीष देव मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष रवि खरे, सुनील उपाध्याय, रम्मू साहू, सीमा जैन, अंकिता तिवारी, जिला मंत्री आशीष गुप्ता, मनीष दुबे, संदीप दुबे, अम्बरीष वर्मा,  भावना सिंह, यज्ञदत्त मिश्रा, आशुतोष शुक्ला, सचिन तिवारी, ऋचा गेलानी, मृदुल द्विवेदी, रणवीर कर्ण, मंडल अध्यक्ष कौशलेश मिश्रा, श्रीराम पटेल, संजू गर्ग, सौरभ अग्रवाल, ब्रजनंदन पटेल, जयवंत सिंह चौहान, अक्षय श्रीवास्तव, दिलराज सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी मंडल अध्यक्ष गण, मोर्चा प्रकोष्ठ के पदाधिकारी कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *