बिलहरी पुलिस ने की अवैध महुआ शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में लाहन और भट्टियां नष्ट

कटनी। जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बिलहरी पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हाथ भट्टी महुआ शराब बनाने वालों पर ताबड़तोड़ छापेमार कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चिसिया एवं थाना प्रभारी कुठला अखिलेश दहिया के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी बिलहरी सुयश पाण्डेय ने अपनी टीम के साथ ग्राम करहिया कला एवं ग्राम रैपुरा में दबिश दी।
विश्वसनीय मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर संचालित अवैध शराब की भट्टियों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान करीब 18 डिब्बों में भरा महुआ लाहन और कच्ची शराब बनाने में उपयोग की जा रही भट्टियों को मौके पर ही नष्ट किया गया। इसके अलावा 15 लीटर कच्ची महुआ शराब भी जब्त की गई। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत एक प्रकरण पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *