करहिया में बिलहरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 250 किलो महुआ लाहन कराया नष्ट, 30 लीटर कच्ची शराब की जब्त, अवैध शराब के ठिकानों में दबिश
कटनी। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलहरी पुलिस ने ग्राम करहिया में प्रभावी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। इसके अलावा कैमोरी एवं अन्य ग्रामों में भी पुलिस ने दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 250 किलो महुआ लाहन नष्ट किया तथा 30 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 12 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक (अ.जा.क.) शिवा पाठक के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कुठला अखिलेश दहिया के नेतृत्व में चौकी प्रभारी बिलहरी उप निरीक्षक नवीन नामदेव द्वारा की गई।
3 सितंबर 2026 को सुबह गश्त के दौरान बिलहरी चौकी क्षेत्र के ग्राम कैमोरी, घुघरा और करहिया में अवैध शराब कारोबारियों के ठिकानों पर दबिश दी गई। ग्राम करहिया निवासी द्विजी बाई, दुलारी सनोरिया एवं रुकमणी सनोरिया के कब्जे से कुल 30 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। मौके पर लगभग 250 किलो महुआ लाहन भी नष्ट किया गया। तीनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने क्षेत्रीय लोगों से नशे से दूर रहने तथा अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक नवीन नामदेव, प्रधान आरक्षक व्यास गुप्ता, अखिलेश दीक्षित, आरक्षक उमाकांत तिवारी, सौरभ जैन, दिल्केश्वर सिंह एवं लव उपाध्याय की विशेष भूमिका रही।