ढीमरखेड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सागौन तस्करों पर कसा शिकंजा, पिकअप सहित आरोपी गिरफ्तार, लगभग साढ़े दस लाख की इमारती लकड़ी बरामद

कटनी। जिले के ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने सागौन तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य तस्कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने सागौन से भरी पिकअप वाहन को जब्त करते हुए करीब 10 लाख 45 हजार रुपये की लकड़ी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिले में चोरी, नकबजनी एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे के नेतृत्व में टीम को यह सफलता मिली।
ऐसे हुई कार्रवाई
गत 8 अप्रैल 2026 की रात्रि में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद पिकअप वाहन में अवैध सागौन लकड़ी भरकर तस्कर पाली क्षेत्र से पिपरिया की ओर जा रहे हैं। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम ने झारापानी रोड पर घेराबंदी की। कुछ समय बाद संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग निकला। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने पीछा कर वाहन को ग्राम पिपरिया में एक घर के अंदर खड़ा पाया। मौके का फायदा उठाकर कई तस्कर अंधेरे में फरार हो गए।
तलाशी के दौरान पिकअप (बोलोरो मैक्स) से 10 नग सागौन की सिल्लियां (लगभग 0.434 घनमीटर), पिकअप वाहन सहित कुल कीमत लगभग 10,45,000 की सामग्री बरामद की गई। मौके से एक आरोपी संजय उर्फ संजू ठाकुर, निवासी पिपरिया को गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य 5 आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। गिरफ्तार आरोपी को पूछताछ के बाद वन विभाग को सुपुर्द कर दिया गया है। रेंज ऑफिस रामपुर में वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है। पुलिस एवं वन विभाग की टीम फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, एएसआई विजेंद्र तिवारी, प्रधान आरक्षक सुब्च्चन यादव, आरक्षक पंकज सिंह, देवेंद्र अहिरवार, अजय सिंह सहित वन विभाग के डिप्टी रेंजर रामकुमेश मिश्रा एवं अन्य स्टाफ की अहम भूमिका रही। कार्रवाई से क्षेत्र में सागौन तस्करों में हड़कंप मच गया है और पुलिस ने साफ कर दिया है कि अवैध कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *