बड़वारा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 60 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

कटनी। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बड़वारा पुलिस ने अवैध महुआ शराब के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए 60 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना बड़वारा पुलिस द्वारा अवैध शराब बिक्री करने वालों के विरुद्ध मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया था। क्षेत्र में लगातार भ्रमण एवं निगरानी के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बड़वारा के लखाखेरा स्टेशन रोड स्थित भार जंगल में एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में महुआ की कच्ची शराब बेचने की फिराक में खड़ा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर संदिग्ध व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस बल एवं गवाहों की सहायता से पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम महेश गोड़ (29 वर्ष) निवासी ग्राम जगतपुर, उमरिया मदारी टोला, थाना बड़वारा, जिला कटनी बताया। आरोपी की निशानदेही पर झाड़ियों में छिपाकर रखे गए चार प्लास्टिक के गुम्मों की तलाशी ली गई, जिनमें करीब 60 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत लगभग 12 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद उसे मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई में विशेष भूमिका थाना प्रभारी उप निरीक्षक कृष्ण कुमार पटेल, सहायक उप निरीक्षक सतेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक आरिफ हुसैन, आरक्षक गौरीशंकर, आरक्षक शिवप्रकाश तिवारी एवं महिला आरक्षक रुपाली यादव की रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *