रविन्द्र नाथ टैगोर वार्ड में 25 लाख से अधिक के विकास कार्यों का हुआ भूमिपूजन

रविन्द्र नाथ टैगोर वार्ड में 25 लाख से अधिक के विकास कार्यों का हुआ भूमिपूजन

कटनी। नगर निगम कटनी द्वारा शहर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में रविन्द्र नाथ टैगोर वार्ड में शुक्रवार को महापौर प्रीति संजीव सूरी एवं क्षेत्रीय पार्षद विनोद लाला यादव (भुट्टू) की उपस्थिति में 25 लाख 42 हजार रुपये की लागत से सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में मेयर इन काउंसिल सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू (शिब्बू), उमेन्द्र अहिरवार, जयनारायण निषाद, श्रीमती बीना संजू बैनर्जी, पार्षद लव साहू सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
दो प्रमुख विकास कार्यों का शुभारंभ
नगर निगम द्वारा अमीरगंज क्षेत्र में अरुण जायसवाल के भवन से हनुमान मंदिर तक तथा वार्ड के अन्य स्थानों पर 12.49 लाख रुपये की लागत से सीसी नाली निर्माण कराया जाएगा। वहीं पर्यावरण मोहल्ले में 12.93 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण कार्य किया जाएगा।
मजबूत सड़क और नाली व्यवस्था विकास की आधारशिला : महापौर
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि किसी भी शहर के सुव्यवस्थित विकास के लिए मजबूत सड़क और प्रभावी जल निकासी व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है। बेहतर सड़कें नागरिकों के आवागमन को सुरक्षित और सुगम बनाती हैं, जबकि सुदृढ़ नाली व्यवस्था स्वच्छता बनाए रखने और जलभराव जैसी समस्याओं को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि नगर निगम सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य कर नागरिक सुविधाओं का विस्तार करने के लिए प्रतिबद्ध है। सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने का कार्य आगे भी लगातार जारी रहेगा।
वार्डवासियों से किया संवाद
भूमिपूजन के बाद महापौर ने वार्ड का भ्रमण कर स्थानीय नागरिकों से चर्चा की और उनकी समस्याएं सुनीं। पर्यावरण मोहल्ले में पेयजल समस्या को देखते हुए उन्होंने बोरिंग कराकर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
बारिश में मिलेगी राहत : पार्षद यादव
क्षेत्रीय पार्षद विनोद लाला यादव ने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र में सड़क और जल निकासी संबंधी समस्याएं बनी हुई थीं। सीसी सड़क और नाली निर्माण कार्यों से नागरिकों को धूल, कीचड़ और जलभराव जैसी परेशानियों से राहत मिलेगी। विशेष रूप से बारिश के मौसम में इन कार्यों का लाभ लोगों को सीधे तौर पर मिलेगा।
नागरिकों ने किया स्वागत
विकास कार्यों के शुभारंभ पर स्थानीय नागरिकों ने महापौर प्रीति संजीव सूरी और पार्षद विनोद लाला यादव का पुष्पमालाओं से स्वागत किया तथा नगर निगम द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post