शून्य खर्च में हुआ 1.37 करोड़ रुपये के निर्माण कार्य का भूमिपूजन: मौसुफ बिट्टू, छात्राओं और गुरुजनों के हाथों हुई शुरुआत, महापौर निगम आयुक्त अध्यक्ष के प्रति जताया आभार
कटनी। बी.डी. अग्रवाल वार्ड स्थित सिविल लाइन शासकीय कन्या शाला में शनिवार को एक अनूठा और प्रेरणादायक भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। क्षेत्रीय पार्षद एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष एडवोकेट मौसूफ बिट्टू के मार्गदर्शन में ध्वजारोहण कार्यक्रम के उपरांत लगभग 1.37 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नवीन विद्यालय भवन के निर्माण कार्य का शुभारंभ अत्यंत सादगीपूर्ण ढंग से किया गया।
इस अवसर पर किसी प्रकार का तामझाम या अनावश्यक खर्च नहीं किया गया। भूमिपूजन का शुभारंभ विद्यालय की जिला टॉपर छात्रा पूजा चौधरी, कक्षा 1 से 12वीं तक की मेधावी छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों एवं नन्हीं बालिकाओं के हाथों कुदाल चलवाकर कराया गया। इस भावनात्मक पल ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया और छात्राओं की खुशी देखते ही बन रही थी। ज्ञात हो कि वर्षों से इस शासकीय कन्या शाला को नवीन भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। नगर की प्रमुख कन्या शालाओं में शामिल इस विद्यालय में छात्राओं की संख्या हमेशा पूर्ण रहती है तथा यहां की उत्कृष्ट शिक्षा व्यवस्था के कारण आसपास के क्षेत्रों की छात्राएं भी प्रवेश लेने के लिए उत्सुक रहती हैं। नवीन भवन निर्माण से छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इस अवसर पर पार्षद श्रीमती प्रियंका बिट्टू ने नगर निगम की महापौर श्रीमती प्रीति सूरी, आयुक्त तपस्या परिहार तथा निगम अध्यक्ष मनीष पाठक के प्रति इस महत्वपूर्ण कार्य की स्वीकृति एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने भी इस जनहितकारी पहल का स्वागत करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम बताया है।