दीपावली से पहले कटनी में पटाखा दुकानों पर नजर, प्रतिबंधित आतिशबाजी पर सख्ती, सुरक्षा और अग्निशमन व्यवस्थाओं का लिया जायजा, कार्बाइड गन की बिक्री व उपयोग पर रोक लगाने प्रशासन सख्त

कटनी। आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कटनी पुलिस और राजस्व विभाग की टीम द्वारा पटाखा बिक्री स्थलों का निरीक्षण किया जा रहा है। इस दौरान पटाखा दुकानों में सुरक्षा एवं अग्निशमन व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए विक्रेताओं को निर्धारित नियमों और लाइसेंस की शर्तों का पालन करने के सख्त निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की जा रही है। इसका उद्देश्य दीपावली के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकना और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
पटाखा दुकानदारों को दिए सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान आतिशबाजी विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर विस्फोटक सामग्री के सुरक्षित भंडारण, परिवहन एवं बिक्री से संबंधित नियमों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने दुकानों में उपलब्ध सुरक्षा संसाधनों और अग्निशमन व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। विक्रेताओं को निर्देशित किया गया कि वे निर्धारित नियमों एवं लाइसेंस की शर्तों का अनिवार्य रूप से पालन करें। बिना वैध लाइसेंस के पटाखों का भंडारण और विक्रय नहीं किया जाए। प्रतिबंधित पटाखों, कार्बाइड गन और अन्य खतरनाक आतिशबाजी की बिक्री एवं उपयोग पर प्रभावी रोक लगाने के लिए भी सख्त चेतावनी दी गई।
बच्चों को खतरनाक आतिशबाजी से दूर रखने की अपील
कटनी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि दीपावली के दौरान विशेष सावधानी बरतें और बच्चों को खतरनाक आतिशबाजी से दूर रखें। खासतौर पर लोहे अथवा पीवीसी पाइप से बनी कार्बाइड गन का उपयोग नहीं करने के लिए बच्चों को समझाएं, क्योंकि इससे गंभीर हादसे होने का खतरा रहता है। पुलिस ने नागरिकों से प्रतिबंधित पटाखों तथा अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री के भंडारण या बिक्री की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस एवं राजस्व विभाग ने नागरिकों और पटाखा विक्रेताओं से सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा जिम्मेदारी के साथ दीपावली मनाने का आग्रह किया है, ताकि त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *