अन्नपूर्णा वेयर हाउस में वाहनों से बैटरी चोरी का खुलासा, कुठला पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

कटनी। थाना कुठला पुलिस ने अन्नपूर्णा वेयर हाउस के बाहर खड़े वाहनों से बैटरी चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 8 बैटरियां एवं वायर बरामद कर जब्त कर लिए हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक शिवा पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार, जेएसआर एजेंसी के मैनेजर नीरज दुबे ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अन्नपूर्णा वेयर हाउस के बाहर खड़े उनकी फर्म के चार वाहनों से 20-21 अगस्त 2026 की रात अज्ञात चोर 8 बैटरियां और वायर चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई। शिकायत पर थाना कुठला में अपराध क्रमांक 746/26 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर तंत्र, तकनीकी साक्ष्यों एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की। पूछताछ में प्रशांत तिवारी उर्फ लकी तिवारी (18), सागर उर्फ बेटू भूमिया (20), संजीत उर्फ बल्लू वर्मन (19) तथा भगत वंशकार (31) ने चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने चोरी की गई बैटरियां बरामद कर जब्त कर लीं। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक राहुल मिश्रा, सुनील पाण्डेय, आरक्षक मनोज सिंह, विजय प्रजापति, शिशिर पाण्डेय सहित थाना कुठला पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।