अवैध रेत परिवहन के खिलाफ बड़वारा पुलिस ने की कार्रवाई, दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, वैध दस्तावेज नहीं दिखाने पर पुलिस ने की कार्रवाई
कटनी। जिले में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़वारा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत से भरे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए हैं। दोनों वाहन चालकों के पास रेत परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिले। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षार्थ खड़ा करवाया है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिलेभर में अवैध रेत परिवहन के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में बड़वारा पुलिस ने यह कार्रवाई की।
महानदी पुल के पास मिले रेत से भरे वाहन
पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर को भ्रमण के दौरान ग्राम सकरीगढ़ स्थित महानदी पुल के पास लाल रंग का महिंद्रा ट्रैक्टर मिला, जिसकी ट्रॉली में रेत भरी हुई थी। वाहन चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम उमेश उर्फ राजा पटेल (21), पिता रामजी पटेल, निवासी ग्राम गणेशपुर, थाना बड़वारा, जिला कटनी बताया। रेत परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसी तरह महानदी घाट की पुलिया के पास रेत से भरा एक अन्य लाल रंग का महिंद्रा ट्रैक्टर मिला। इसके चालक ने अपना नाम संजय कुमार पटेल (29), पिता सोनेलाल पटेल, निवासी ग्राम बसाड़ी, थाना बड़वारा, जिला कटनी बताया। वह भी रेत परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका।
दोनों मामलों में धारा 106 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रेत से भरे दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर लिए और उन्हें थाना परिसर में सुरक्षार्थ खड़ा करवाया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय, उप निरीक्षक प्रदीप कुमार जाटव, प्रधान आरक्षक नितेश डोंगरे, प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र तथा आरक्षक आकाश रावत, अनिल साकेत और शिवप्रकाश तिवारी की विशेष भूमिका रही।