बड़वारा पुलिस ने अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की जब्त, ग्राम रोहनिया के सांधी रोड पर मिली ट्रैक्टर-ट्रॉली, नहीं मिले वैध दस्तावेज, पुलिस ने की कार्रवाई

कटनी। जिले में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में बड़वारा थाना पुलिस ने ग्राम रोहनिया के सांधी रोड पर रेत का परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षार्थ खड़ा करवाया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में अवैध रेत परिवहन के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान 7 नवंबर 2026 को भ्रमण के समय बड़वारा पुलिस को ग्राम रोहनिया के सांधी रोड पर लाल रंग का मेसी कंपनी का ट्रैक्टर क्रमांक MP 21 AB 3643 मिला। ट्रैक्टर की ट्रॉली में रेत भरी हुई थी।
ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, वैधानिक कार्रवाई जारी
पुलिस द्वारा ट्रैक्टर चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम अखिलेश उर्फ गोलू, पिता अनिल विश्वकर्मा, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम गुड़ाकला, थाना बड़वारा, जिला कटनी बताया। मामले में पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध धारा 106 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षार्थ खड़ा करवाया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय, उप निरीक्षक प्रदीप कुमार जावट तथा आरक्षक रवि कुमार कोरी की विशेष भूमिका रही। पुलिस द्वारा जिले में अवैध रेत परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।