ऑपरेशन मुस्कान के तहत बड़वारा पुलिस को मिली सफलता, उत्तर प्रदेश से नाबालिग बालिका को सकुशल किया दस्तयाब, पुलिस ने तलाशकर परिजनों को सौंपा, छह माह बाद लौटी परिवार के चेहरे पर मुस्कान

Oplus_16908288

कटनी। नाबालिग बालक-बालिकाओं की गुमशुदगी और अपहरण के मामलों में उनकी सकुशल दस्तयाबी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत कटनी जिले की बड़वारा पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए उत्तर प्रदेश से लापता नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। लंबे समय से बेटी की तलाश कर रहे परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस की संवेदनशीलता एवं त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा प्रदेशभर में गुमशुदा एवं अपहृत नाबालिग बालक-बालिकाओं की तलाश के लिए ऑपरेशन मुस्कान संचालित किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा ने ऐसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में बड़वारा पुलिस ने बालिका की तलाश के लिए विशेष प्रयास शुरू किए।
मई माह में दर्ज हुई थी अपहरण की रिपोर्ट
पुलिस के अनुसार, 27 मई 2026 को फरियादी ने थाना बड़वारा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बेटी को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 315/26, धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया था। बालिका की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से लगातार खोजबीन की। पुलिस के निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप 15 नवंबर 2026 को बालिका को उत्तर प्रदेश से सकुशल दस्तयाब कर लिया गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
बालिका की दस्तयाबी में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक महेश प्रताप सिंह, सहायक उप निरीक्षक सतेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक नितेश डोंगरे, आरक्षक शिवप्रकाश तिवारी, महिला प्रधान आरक्षक पुष्पलता मिश्रा, आरक्षक रवि कुमार कोरी एवं साइबर सेल के आरक्षक शुभम गौतम की विशेष भूमिका रही। कटनी पुलिस की इस कार्रवाई से एक परिवार को उसकी बेटी वापस मिल सकी। ऑपरेशन मुस्कान के तहत की गई यह कार्रवाई पुलिस की संवेदनशीलता, तत्परता और गुमशुदा नाबालिगों की सुरक्षित वापसी के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *