एक साल बाद बड़वारा पुलिस को मिली सफलता, फरार तीन आरोपी चढ़े हत्थे, न्यायालय ने भेजा जेल

कटनी। गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़वारा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने करीब एक वर्ष से फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना बड़वारा पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 14 मई 2025 को फरियादी जगदेव सिंह सोलंकी (81 वर्ष) निवासी ग्राम बांसा, जिला उमरिया द्वारा थाना बड़वारा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया था कि जमीनी विवाद को लेकर 13 मई 2025 को आरोपियों ने उनके परिवार के तेजभान सिंह एवं जयभान सिंह सोलंकी के साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर गंभीर चोटें पहुंचाई थीं। रिपोर्ट के आधार पर थाना बड़वारा में प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। जांच के दौरान प्राप्त मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की अन्य धाराएं भी जोड़ी गईं। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहे थे। पुलिस द्वारा उनकी तलाश लगातार की जा रही थी। इसी क्रम में 18 जून 2026 को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी सूरज सिंह पिता अमोल सिंह, अमोल सिंह पिता रामेश्वर सिंह एवं चिंटू सिंह पिता मिथिलेश सिंह, निवासी ग्राम परसेल, थाना बड़वारा को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी के.के. पटेल, सहायक उप निरीक्षक महेश प्रताप सिंह एवं प्रधान आरक्षक नितेश डोंगरे की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *