शराब पीने के लिए रुपये मांगने पर मारपीट, बड़वारा पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल
कटनी। शराब पीने के लिए रुपये मांगने और मना करने पर युवक के साथ मारपीट करने के मामले में बड़वारा पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। घटना के बाद से तीनों आरोपी फरार चल रहे थे।
शराब के लिए मांगे रुपये, विरोध करने पर की मारपीट
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फरियादी कुलदीप पाठक (26), निवासी वार्ड क्रमांक 08, मानपुर, जिला उमरिया ने 17 अक्टूबर 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 16 अक्टूबर को वह दुकान का सामान खरीदने इंदौर जाने के लिए बस से उमरिया जा रहा था। रास्ते में प्रिंस गुप्ता की कार दिखाई देने पर उसने फोन कर कार रुकवाई और उसमें बैठ गया। कार में प्रिंस गुप्ता के साथ भोला सोनी, वीरू सोनी और चालक सागर विश्वकर्मा मौजूद थे।
फरियादी ने उमरिया रेलवे स्टेशन छोड़ने के लिए कहा, लेकिन कार सवारों के जबलपुर जाने की बात कहने पर वह उनके साथ रवाना हो गया। शाम करीब 7:30 बजे टिकरिया के पास पथवारी से पहले सभी लोग सड़क किनारे कार से उतरकर शराब पीने लगे। फरियादी ने देर होने के कारण आगे चलने की बात कही तो आरोपियों ने उससे शराब पीने के लिए रुपये मांगे। आरोप है कि फरियादी ने वीरू सोनी को 500 रुपये दिए, लेकिन इसके बाद भी उससे 2,000 रुपये की मांग की गई। रुपये देने से मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। इस दौरान फरियादी के सिर, चेहरे, पीठ और सीने में चोटें आईं। आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी देने की बात भी शिकायत में कही गई है। घटना के समय पवन सोनी के मौजूद रहने की जानकारी भी सामने आई है।
BNS की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज
फरियादी की शिकायत पर अपराध क्रमांक 616/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(B), 351(2), 119(1) एवं 3(5) में मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के दौरान 18 अक्टूबर को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में अमन उर्फ भोला सोनी (20), पिता दादूराम सोनी, प्रिंस उर्फ अपूर्व गुप्ता (22), पिता ओमप्रकाश गुप्ता और अमित उर्फ वीरू सोनी (31), पिता रामयस सोनी, निवासी बिजहा, थाना ब्यौहारी, जिला शहडोल शामिल हैं। पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक महेश प्रताप सिंह, प्रधान आरक्षक नीतेश डोंगरे और प्रधान आरक्षक पवनराज की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई।