बड़वारा पुलिस की अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई, रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, कांटी-मुहास के बीच लावारिस हालत में मिला ट्रैक्टर, पुलिस को देखकर चालक हुआ फरार
कटनी। जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़वारा पुलिस ने रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है। कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 3 नवंबर को थाना बड़वारा पुलिस क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान ग्राम कांटी-मुहास के बीच लाल रंग का महिंद्रा कंपनी का ट्रैक्टर मिला, जिसकी ट्रॉली में रेत भरी हुई थी। वाहन के संबंध में वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस को देखकर चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षार्थ खड़ा कराया है। मामले में अज्ञात चालक के विरुद्ध धारा 106 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई किए जाने की जानकारी प्रेस नोट में दी गई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक रामनाथ साकेत, आरक्षक रवि कुमार कोरी एवं आरक्षक आकाश रावत की विशेष भूमिका रही।