ग्राम पिपरिया कला में में बरही पुलिस ने दी दबिश, लगभग ढाई किलो गांजे के साथ बुजुर्ग गिरफ्तार
कटनी। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बरही पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 2 किलो 258 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत करीब 22 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी विजयराघवगढ़ वीरेंद्र धार्वे के मार्गदर्शन में मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया था। 16 अगस्त 2026 को ग्राम पिपरिया कला में पुलिस टीम ने गिरधारी कुर्मी के घर के सामने दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी गुलाबी रंग का प्लास्टिक का थैला लेकर घर के अंदर भागने का प्रयास करने लगा, जिसे संदेह के आधार पर घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गिरधारी लाल पटेल (70 वर्ष), पिता भीमसेन कुर्मी, निवासी ग्राम पिपरिया कला, थाना बरही, जिला कटनी बताया। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में थैले की तलाशी लेने पर उसमें 2.258 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर वैधानिक कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी थाना बरही में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण भी शामिल हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार चौबे, उप निरीक्षक विनोद कांत सिंह, उप निरीक्षक अश्वनी यादव, प्रधान आरक्षक नरेंद्र पटेल एवं रवि मोहन जाटव प्रजापति की विशेष भूमिका रही।