ग्रामीणों को साइबर ठगों से बचाने बहोरीबंद पुलिस की पहल, चौपाल लगाकर दी जानकारी, बताया सतर्कता ही
बचाव
कटनी। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉक्टर संतोष डेहरिया एवं स्लीमनाबाद एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में बहोरीबंद पुलिस के द्वारा ग्रामीण इलाकों में चौपाल लगाकर जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना प्रभारी अखलेश दाहिया ने बहोरीबंद बाजार बस स्टैंड में ग्राम चौपाल का आयोजन किया।
इस दौरान ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचने के तरीके बताए गए और यातायात नियमों की जानकारी दी गई। ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर अपराधों की रोकथाम के लिए जागरूक किया गया। थाना प्रभारी अखलेश दाहिया ने ग्रामीणों को सावधानी पूर्वक वाहन चलाने और साइबर अपराधों से बचने के लिए जागरूक किया। ग्रामीणों को समझाइस देते हुए थाना प्रभारी श्री दहिया ने कहा कि साइबर ठगों से बचने के लिए सतर्कता ही समाधान है। सतर्क रहें एवं दूसरों को भी सतर्क रहने के लिए कहें। किसी भी तरह से साइबर ठगों के जाल में न फंसे। इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।