अस्पताल के सामने गाली-गलौज कर मचा रहा था हंगामा, बड़वारा पुलिस ने आदतन अपराधी को किया गिरफ्तार

Oplus_16908288

कटनी। बड़वारा पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर गाली-गलौज कर हंगामा और आतंक का माहौल पैदा कर रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर जिला जेल कटनी भेज दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना बड़वारा में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर आदतन अपराधियों पर निगरानी रखने और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम कस्बा भ्रमण पर थी।
इसी दौरान बड़वारा अस्पताल के सामने एक व्यक्ति सड़क पर गाली-गलौज करते हुए हंगामा कर रहा था। मौके पर काफी भीड़ जमा थी और लोग उसे समझाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन वह और अधिक उत्तेजित होकर गाली-गलौज करने लगा। पुलिस ने भी उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसके व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ और वह विवाद की स्थिति पैदा करने पर आमादा रहा। पुलिस ने उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना नाम अनिल गुप्ता पिता गणेश प्रसाद गुप्ता, उम्र 38 वर्ष, निवासी रोहनिया, थाना बड़वारा, जिला कटनी बताया। पुलिस द्वारा थाना बड़वारा के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच करने पर उसके विरुद्ध पूर्व में कई मामले दर्ज होना पाया गया। पुलिस के मुताबिक, संज्ञेय अपराध घटित होने की आशंका और मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आरोपी अनिल गुप्ता के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया। बाद में उसे जिला जेल कटनी में दाखिल कराया गया। कार्रवाई में इनकी रही विशेष भूमिका: थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय, उप निरीक्षक प्रदीप कुमार जाटव, सहायक उप निरीक्षक रघुवीर सिंह एवं आरक्षक रवि कुमार कोरी की कार्रवाई में विशेष भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *