घंटाघर से चोरी हुआ ऑटो बरामद, शातिर चोर पुलिस गिरफ्त में
कटनी। कोतवाली पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया ऑटो बरामद कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस की सतर्कता और तकनीकी जांच का परिणाम है।
जानकारी के अनुसार 13 अप्रैल 2026 को मझगवां फाटक निवासी नरेश चौधरी अपना ऑटो (MP21R4283) लेकर परिवार के साथ कटनी आए थे। उन्होंने घंटाघर क्षेत्र में ऑटो खड़ा किया और बाजार चले गए। शाम करीब 6:30 बजे लौटने पर ऑटो मौके से गायब मिला। मामले की शिकायत पर कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 368/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक संदिग्ध युवक ऑटो ले जाते हुए दिखाई दिया। सुरागों के आधार पर पुलिस ने दुर्गा चौक खिरहनी निवासी बंटी चौधरी उर्फ बिस्सू चौधरी (20 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी किया गया ऑटो क्रमांक MP21R4283 एनकेजे क्षेत्र के रोशन नगर स्थित केंद्रीय विद्यालय के पीछे मरघटाई के पास झाड़ियों से बरामद किया गया। आरोपी ने बताया कि वह नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी करता था।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी राखी पाण्डेय सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।








