जंगल के रास्ते गांजा तस्करी की कोशिश नाकाम, 1 किलो 10 ग्राम गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, निवार पुलिस ने दबोचा

कटनी। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया एवं थाना प्रभारी संजय दुबे के नेतृत्व में निवार पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1 किलो 10 ग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस के अनुसार 13 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बड़खेड़ा के जंगल के रास्ते एक व्यक्ति गांजा लेकर तस्करी के उद्देश्य से जा रहा है। सूचना मिलते ही निवार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध युवक प्रेमशंकर चौबे (50) निवासी अमोदा थाना मझौली, जिला जबलपुर (हाल निवासी अमीरगंज, थाना माधवनगर) को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके सफेद रंग के थैले से 1 किलो 10 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में प्रेमशंकर चौबे ने बताया कि उसने यह गांजा पूरन बर्मन, निवासी मझौली (जबलपुर) से खरीदा था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरन बर्मन को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर दोनों को जिला जेल कटनी भेज दिया गया। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी अंजनी मिश्र, सउनि. राजेश कोरी, प्रधान आरक्षक गौरव सेन, मनीष कुमार, संतोष प्रजापति, आरक्षक अरविंद सिंह, शुभम सिंह तथा महिला आरक्षक आरती सैयाम की सराहनीय भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *