कटनी स्टेशन से तेलंगाना पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ आर्म्स एक्ट का आरोपी, ट्रेन में हथकड़ी से हांथ निकालकर हुआ चंपत, जीआरपी व आरपीएफ ने शुरू की नाकाबंदी

कटनी। जबलपुर रेल मंडल के कटनी रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह तेलंगाना पुलिस की कस्टडी से आर्म्स एक्ट का एक आरोपी हथकड़ी से हाथ निकालकर फरार हो गया। आरोपी को दानापुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस से हैदराबाद ले जाया जा रहा था। घटना के बाद जीआरपी और आरपीएफ ने स्टेशन परिसर समेत आसपास के इलाकों में गहन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
ट्रांजिट रिमांड पर बिहार से ले जाया जा रहा था हैदराबाद
जानकारी के अनुसार, हैदराबाद के नाचाराम थाने में दर्ज आर्म्स एक्ट के एक मामले में तेलंगाना पुलिस ने बिहार के पश्चिम चंपारण (बगहा) से चार आरोपियों आशीष कुमार, संदीप महाजन, शशि कुमार और संदीप कुमार (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया था। पुलिस टीम सभी आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर ट्रेन संख्या 12792 दानापुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस से तेलंगाना जा रही थी।
शौचालय ले जाते समय दिया झांसा
शुक्रवार सुबह ट्रेन जैसे ही कटनी रेलवे स्टेशन पर रुकी, एक पुलिसकर्मी आरोपी संदीप कुमार (पिता हरिशचंद्र) को शौचालय ले गया। इसी दौरान संदीप ने चालाकी दिखाते हुए हथकड़ी से अपना हाथ बाहर खींच लिया और ट्रेन से कूदकर स्टेशन के अंधेरे का फायदा उठाते हुए ओझल हो गया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, बिहार भेजी जाएगी विशेष टीम
घटना की सूचना मिलते ही कटनी जीआरपी ने मामला दर्ज कर कटनी मुख्य स्टेशन, प्लेटफॉर्म, मुड़वारा, साउथ स्टेशन और आउटर एरिया में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। जीआरपी थाना प्रभारी अनिल मरावी ने बताया कि स्टेशन और आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जीआरपी की एक विशेष टीम को बिहार स्थित उसके गृह ग्राम भेजने की तैयारी की जा रही है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *