गांजा तस्करी के खिलाफ बड़वारा पुलिस की एक और कार्रवाई, गांजा और बाइक सहित तस्कर गिरफ्तार
कटनी। कटनी जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़वारा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 1 किलो 872 ग्राम गांजा एवं एक मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 80 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर 17 अगस्त 2026 को थाना बड़वारा पुलिस ने ग्राम सल्हना मोड़ स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास संदिग्ध अवस्था में खड़े एक युवक की घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रामप्रसाद कोल (70 वर्ष), निवासी ग्राम खरहटा, थाना बड़वारा, जिला कटनी बताया। उसकी टीवीएस स्टार सिटी (क्रमांक MP-21-MG-1507) की तलाशी लेने पर उसमें टंगे नीले प्लास्टिक के थैले से 1.872 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने गांजा एवं मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अब आरोपी से गांजा के स्रोत और तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। कार्रवाई में विशेष भूमिका: थाना प्रभारी उनि सुयश पाण्डेय, सउनि रघुवीर सिंह, प्रधान आरक्षक पवनराज, वीरेन्द्र चढ़ार, आरक्षक गौरीशंकर राजपूत, शिवप्रकाश तिवारी एवं बृजलाल प्रजापति की सराहनीय भूमिका रही।