नाबालिग से मारपीट के आरोप पर भड़का आक्रोश, जुहली मोड़ पर ग्रामीणों ने किया चक्का जाम

नाबालिग से मारपीट के आरोप पर भड़का आक्रोश, जुहली मोड़ पर ग्रामीणों ने किया चक्का जाम

कटनी। जिले के जुहली मोड़ क्षेत्र में रविवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई जब ग्रामीणों ने एनकेजे थाना पुलिस पर एक नाबालिग युवक के साथ कथित रूप से निर्वस्त्र कर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए सड़क पर चक्का जाम कर दिया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की।
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस द्वारा नाबालिग युवक के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया और उसके साथ मारपीट की गई। घटना की जानकारी फैलते ही क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त हो गया। नाराज ग्रामीणों ने जुहली मोड़ पर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन प्रभावित हुआ। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पीड़ित पक्ष ने भी पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है। फिलहाल ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन जारी है और क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है। मामले को लेकर प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। इस मामले में पुलिस पर लगाए गए आरोप ग्रामीणों द्वारा लगाए गए हैं। मामले की आधिकारिक पुष्टि या पुलिस पक्ष सामने आना अभी शेष है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post