चिलचिलाती धूप के बीच कलेक्टर ने किया 4 खरीदी केन्द्रों का औचक निरीक्षण, बोले उपार्जन केन्द्रों में पंखा व छन्ना के माध्यम से करायें गेहूँ की सफाई
कटनी। कलेक्टर आशीष तिवारी ने मंगलवार को बड़वारा, नन्हवारा सेझा, विलायतकला और अमाड़ी उपार्जन केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया कि उपार्जन केन्द्रों में पंखा व छन्ना के माध्यम से गेहूँ की सफाई कराकर ही खरीदी की जाय। गेहूं उपार्जन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। साथ ही उन्होंने किसानों को केन्द्रों पर बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान सहायक कलेक्टर श्लोक वाइकर, जिला आपूर्ति अधिकारी सज्जन सिंह परिहार, तहसीलदार बड़वारा ऋषि गौतम, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी यज्ञदत्त त्रिपाठी मौजूद रहे। कलेक्टर श्री तिवारी ने गुणवत्तायुक्त गेहूँ खरीदने के सख्त निर्देश दिये और अमाड़ी उपार्जन केन्द्र के निरीक्षण के दौरान उन्होंने खुद कुछ बोरियों को खुलवाकर उनकी गुणवत्ता परखा और गेहूँ को पंखा और छन्ना से साफ करवाकर गेहूँ की तुलाई कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने खरीदी केन्द्रों में मौजूद किसानों से चर्चा किया और पूछा- कोई समस्या हो तो बतायें। साथ ही उनसे खरीदी केन्द्रों में लाये गये गेहूँ की मात्रा और गेहूँ के बोये गये रकबे आदि के संबंध में जानकारी ली।
केंद्र में किसानों के लिये सुविधाएं
प्रत्येक उपार्जन केन्द्र पर तौल कांटों की संख्या 4 से बढ़ाकर 6 कर दी गई है, ताकि अधिक संख्या में किसान स्लॉट बुकिंग कराकर गेहूं बेच सकेंगे। किसानों को समर्थन मूल्य पर गेहूं विक्रय में किसी प्रकार की परेशानी न हो एवं उपज विक्रय के लिए इंतजार न करना पड़े इसके लिये किसानों को जिले के किसी भी उपार्जन केन्द्र पर उपज विक्रय करने की सुविधा उपलब्ध है। उपार्जन केन्द्र पर किसानों की सुविधा के लिए पीने का पानी, बैठने के लिए छायादार स्थान, जन सुविधाएं आदि की व्यवस्थाएं की गई हैं।
गुणवत्तायुक्त गेहूँ की ही करें खरीदी
कलेक्टर श्री तिवारी ने किसान भाईयों से अपील की है कि वे उपार्जन केन्द्र में छना हुआ साफ-सुथरा गेंहू लायें। उपार्जन केन्द्र में हर हाल में एफएक्यू गुणवत्ता का ही गेहूं खरीदा जाय। कलेक्टर श्री तिवारी ने सख्त निर्देश दिए कि गेहूं की खरीदी निर्धारित मानक अनुसार की जाए।
9 मई तक किसान करा सकेंगे स्लॉट बुकिंग
लघु एवं सीमांत कृषकों के साथ-साथ मध्यम एवं बड़े किसानों के लिये भी स्लॉट बुकिंग प्रारम्भ कर दी गई है। स्लॉट बुकिंग की तारीख 30 अप्रैल से बढ़ाकर 9 मई कर दी गई है। जिले में अब तक 6 हजार 134 किसानों से 18 हजार 691 मीट्रिक टन गेहूँ की खरीदी की जा चुकी है और जिले में 24 हजार 743 किसानों से स्लॉट बुक कराया है।
समर्थन मूल्य के साथ बोनस भी
रबी विपणन वर्ष 2026-27 में किसानों से 2585 रूपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य एवं राज्य सरकार द्वारा घोषित 40 रूपये प्रति क्विंटल बोनस राशि सहित 2625 रूपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूँ का उपार्जन किया जा रहा है। किसानों से आग्रह किया गया है कि वे खरीदी केंद्र में साफ-सुथरा गेंहू लायें।








