बाउंड्री वॉल निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप, लाखों की लागत वाले कार्य की जांच की मांग, बरही तहसील कार्यालय के समीप हो रहा निर्माण

कटनी। जिले के बरही तहसील कार्यालय के पीछे निर्माणाधीन शासकीय वेयरहाउस की सुरक्षा के लिए बनाई जा रही बाउंड्री वॉल के निर्माण कार्य पर ग्रामीणों ने गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि लाखों रुपये की लागत से हो रहे इस निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिससे शासकीय राशि का दुरुपयोग होने की आशंका है।
ग्रामीणों के अनुसार, निर्माण कार्य में निर्धारित अनुपात में सीमेंट और रेत का उपयोग नहीं किया जा रहा है। आरोप है कि ठेकेदार द्वारा डस्ट का अधिक उपयोग कर बाउंड्री वॉल तैयार की जा रही है, जिससे निर्माण की मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच नहीं कराई गई तो भविष्य में बाउंड्री वॉल क्षतिग्रस्त हो सकती है और शासन को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारी निर्माण कार्य की निगरानी में गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद प्रशासन मौन बना हुआ है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य की निष्पक्ष एवं तकनीकी जांच कराई जाए। यदि जांच में अनियमितता या घटिया निर्माण की पुष्टि होती है तो संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि शासकीय धन का दुरुपयोग रोका जा सके और गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित हो सके।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *