निगमायुक्त के पैदल भ्रमण के बाद मैदानी अमला हुआ सक्रिय, सुगम आवागमन के लिए मुख्य बाजारों में अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई, सुभाष चौक, मिशन चौक सहित प्रमुख बाजारों में लगाया अव्यवस्था फैलाने वालों पर स्पॉट फाइन

कटनी। नवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं एवं नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और बाधारहित आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन द्वारा बाजारों एवं प्रमुख मार्गों में व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। निगमायुक्त तपस्या परिहार द्वारा विगत दिवस नगर के प्रमुख मार्गों एवं बाजार क्षेत्रों का पैदल भ्रमण कर आवागमन व्यवस्था का जायजा लिया गया था। इस दौरान व्यवसायियों से संवाद कर मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने की अपील के साथ ही नागरिकों की सुविधा में बाधा उत्पन्न करने वाले अवरोधों को हटाने के निर्देश दिए गए थे।
निगमायुक्त के निर्देशों के परिपालन में अतिक्रमण अमले द्वारा सुभाष चौक, मिशन चौक, गांधी द्वार, झंडा बाजार एवं मुड़वारा रोड सहित प्रमुख बाजार क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। बार बार समझाइश देने के बाद भी सड़क पर सामान रखकर व्यवसाय करने तथा नाली एवं फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 11 हजार 800 रुपये का स्पॉट फाइन वसूला गया। साथ ही दुकानदारों को निर्धारित सीमा में ही व्यवसाय करने और सार्वजनिक मार्गों एवं फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त रखने की हिदायत दी गई।
भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी
नवरात्रि के दौरान बाजारों एवं मंदिरों की ओर जाने वाले मार्गों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने के मद्देनजर निगम प्रशासन द्वारा मार्गों को व्यवस्थित रखने, अतिक्रमण हटाने तथा आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वाली गतिविधियों पर नियंत्रण के प्रयास किए जा रहे हैं। सड़क एवं फुटपाथ पर सामान फैलाने से पैदल चलने वालों को परेशानी होने के साथ यातायात बाधित होने की आशंका रहती है। इसे देखते हुए अतिक्रमण अमले को नियमित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। निगम प्रशासन ने दुकानदारों एवं व्यापारियों से अपील की है कि वे सार्वजनिक सड़कों, फुटपाथों और नालियों पर अतिक्रमण न करें तथा पर्व के दौरान नागरिकों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग दें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *