42 वर्षों की निष्कलंक सेवा के बाद मंडी निरीक्षक श्री ऋतुराज तिवारी सेवानिवृत्त, भावभीनी विदाई

सिहोरा। कृषि उपज मंडी समिति सिहोरा के मंडी निरीक्षक ऋतुराज तिवारी 31 अगस्त 2026 को अपनी 42 वर्षों की सफल, समर्पित एवं निर्विवादित सेवाएं पूर्ण कर सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर कृषि उपज मंडी परिसर सिहोरा में भव्य सेवानिवृत्ति एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह में मंडी समिति के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, व्यापारीगण, सामाजिकजनों, शुभचिंतकों तथा परिजनों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर श्री तिवारी को पुष्पमालाएं पहनाकर एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। उपस्थित सभी वक्ताओं ने उनके सरल, सौम्य एवं कर्तव्यनिष्ठ व्यक्तित्व की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने पूरे सेवाकाल में ईमानदारी, निष्पक्षता और समर्पण के साथ मंडी को अपनी सेवाएं दीं तथा अपने कार्यों से सभी का विश्वास और सम्मान अर्जित किया।
अपने उद्बोधन में ऋतुराज तिवारी ने सेवा काल के अनुभव साझा करते हुए सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, व्यापारियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने पूरे कार्यकाल में सभी का स्नेह, सहयोग और सम्मान मिला, जिसे वे सदैव स्मरण रखेंगे। उल्लेखनीय है कि ऋतुराज तिवारी, कृषि उपज मंडी के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय नरेश तिवारी के भतीजे हैं। सेवानिवृत्ति समारोह का समापन सभी अतिथियों द्वारा उन्हें भावभीनी विदाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देने के साथ हुआ। इस अवसर पर कटनी नगर निगम के राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक सहित अन्य शुभचिंतक एवं रिश्तेदार मौजूद रहे।