समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन से पहले प्रशासन की छापामारी, मोहास में 179 क्विंटल अवैध धान जब्त

कटनी। जिले में धान के अवैध परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए दलालों, बिचौलियों और व्यापारियों के विरूद्ध सख्‍त कार्रवाई करने के कलेक्टर आशीष तिवारी द्वारा समय-सीमा बैठक में दिये गये निर्देश के बाद गठित उड़नदस्ता दल ने जिले में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन शुरू होने के पहले से ही पूरी सक्रियता से कार्य करते हुए रीठी तहसील के ग्राम मोहास में 179 क्विंटल धान जब्त किया है। कृषि उपज मंडी के भारसाधक अधिकारी एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) जितेंद्र पटेल ने बताया कि तहसीलदार रीठी आकांक्षा चौरसिया के नेतृत्व में गठित टीम ने 21 नवंबर को ग्राम मोहास स्थित व्यापारी श्री जीतू पटेल के परिसर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परिसर में 179 क्विंटल धान अवैध रूप से भंडारित पाया गया। प्रशासनिक टीम ने मौके पर ही धान जब्त कर लिया।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन व्यवस्था को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए अवैध भंडारण और अनियमितताओं पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रकरण में विस्तृत विवेचना के उपरांत कृषि उपज मंडी समिति, कटनी द्वारा नियमानुसार आगामी दांडिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार आकांक्षा चौरसिया के साथ कृषि उपज मंडी के उप निरीक्षक सुधीर त्रिपाठी, उप निरीक्षक विकास नारायण मिश्रा एवं उप निरीक्षक प्रशांत मौर्य उपस्थित रहे। बताते चलें कि इसके पहले विगत दिनों उड़नदस्ता दल ने बिना वैध दस्तावेजों के 301.50 क्विंटल धान का अवैध परिवहन करते हुये ट्रक को कटनी जबलपुर बायपास से पकड़ा था और 88 हजार 930 रूपए का दांडिक शुल्क भी वसूल किया था। साथ ही प्रकरण तैयार कर मध्यप्रदेश कृषि उपज मंडी अधिनियम 1972 की धारा 19 (4) के तहत कार्रवाई किया था।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *