जनगणना अभियान में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भूमिका जरूरी, प्रमुख नगर जनगणना अधिकारी सुश्री परिहार, नागरिकों से ऑनलाइन पोर्टल पर सेल्फ एन्यूमरेशन का आग्रह

जनगणना अभियान में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भूमिका जरूरी, प्रमुख नगर जनगणना अधिकारी सुश्री परिहार, नागरिकों से ऑनलाइन पोर्टल पर सेल्फ एन्यूमरेशन का आग्रह

कटनी। प्रमुख नगर जनगणना अधिकारी एवं आयुक्त नगर निगम तपस्या परिहार आई.ए.एस ने नगर वासियों से देशभर में चलाए जा रहे जनगणना अभियान को सफल बनाने में अपना पूर्ण सहयोग देने का आह्वान किया है। निगमायुक्त ने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है और इसे प्राथमिकता देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना अभियान में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है ताकि सटीक एवं अपडेट आंकड़े प्राप्त हो सकें। उन्होंने कहा कि 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक जनगणना 2027 के प्रथम चरण – मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के लिए नगर में सेल्फ एन्यूमरेशन अर्थात स्व-गणना का कार्य किया जाएगा। इस अवधि के दौरान नागरिक स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन पोर्टलhttps://se.census.gov.in पर दर्ज कर प्रस्तुत कर सकते है। निगमायुक्त ने कहा कि जनगणना के माध्यम से प्राप्त आंकड़े देश की विकास योजनाओं की आधारशिला होते हैं, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति का सही एवं समय पर विवरण दर्ज करना अत्यंत आवश्यक है। आपने जनगणना कार्य में संलग्न निगम की विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने स्तर पर जन जागरूकता बढ़ाएं और अधिक से अधिक लोगों को सेल्फ एन्यूमरेशन के लिए प्रेरित करें, ताकि यह अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
ऑनलाइन पोर्टल पर सेल्फ एन्यूमरेशन प्रक्रिया
निगमायुक्त श्रीमती परिहार ने बताया कि सेल्फ-एन्यूमरेशन फ्लो चार्ट के माध्यम से नागरिक आसानी जनगणना 2027 में डिजिटल मोड में अपना व परिवार का विवरण भर सकते है। इसके लिए उन्हें सबसे पहले सरकारी पोर्टल, ऐपhttps://se.census.gov.in पर जाकर लॉग इन करना होगा तथा अपना राज्य,केंद्र शासित प्रदेश व कैप्चा एंटर करना होगा। इसके बाद अपने घर का पंजीकरण करने के लिए आवश्यक डेटा भरना होगा, जिसमें घर के मालिक का नाम, 10 अंकों का मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी (ऐच्छिक)। घर के मालिक का नाम दोबारा बदला नहीं जा सकेगा तथा एक मोबाइल नंबर के साथ एक घर ही पंजीकृत हो सकेगा। एक बार एक घर के साथ मोबाइल नंबर पंजीकृत होने के बाद वह मोबाइल नंबर दूसरे घर के लिए प्रयोग नहीं हो सकेगा।
प्रक्रिया के अगले चरण में भाषा का चयन व ओटीपी वेरिफिकेशन होगा। एक बार भाषा का चयन करने के उपरांत भाषा नहीं बदली जा सकेगी। भाषा का चयन करने के उपरांत पंजीकृत मोबाइल संख्या पर भेजे गए ओटीपी को दर्ज करना होगा। इसके बाद विवरण दर्ज करने के लिए जिला का चयन करना होगा तथा जिला का चयन के बाद पिन कोड, गांव, कस्बा दर्ज करना होगा। पांचवे चरण में मानचित्र पर अपने मकान की स्थिति दर्ज करनी होगी। इसके तहत मानचित्र पर रेड मार्कर से अपने रिहायशी भवन की सही स्थिति अंकित करनी होगी तथा इस लोकेशन को कंफर्म करना होगा। निगमायुक्त ने बताया कि इसके उपरांत छठे चरण में हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग सेनसस प्रश्नावली में आवश्यक सूचना दर्ज करनी होगी तथा आठवें चरण में दर्ज की गई सूचना को फाइनल सबमिट का बटन क्लिक करके डेटा को लॉक करना होगा। ध्यान रहे एक बार डाटा लॉक करने के उपरांत कोई बदलाव नहीं किया जा सकेगा। फाइनल सबमिट के उपरांत 11 अंकों की विशेष डिजिटल एसई आईडी जनरेट होगी, जो अंग्रेजी भाषा के अक्षर एच से शुरू होगी। यह आईडी एसएमएस एवं ई-मेल के माध्यम से संबंधित नागरिक को भेजी जायेगी।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post