अमानक पाॅलीथिन का संग्रह एवं विक्रय करनें वाले 5 व्यवसाईयों पर हुई कार्यवाही, 1.27 क्विंटल प्रतिबंधात्मक पाॅलीथिन एवं अन्य समग्री जब्त, नगर निगम एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के संयुक्त दल ने की कार्यवाही

कटनी। निगमायुक्त तपस्या परिहार एवं क्षेत्रीय अधिकारी म.प्र.प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के निर्देश पर नगर की सफाई व्यवस्था एवं पर्यावरण संरक्षण को दृष्टिगत रखते हुए गुरूवार को मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एवं नगर निगम की स्वास्थ्य विभाग टीम के गठित सयुक्त दल द्वारा अभियान चलाकर सिंगल यूज प्लास्टिक, थर्मोकोल से बनी सामग्री एवं डिस्पोजल आदि का विक्रय एवं संग्रहण करनें वालों के विरूद्ध बड़ी कार्यवाही की गई। संयुक्त दल द्वारा नगर के बाजार क्षेत्रों के विभिन्न स्थलों मे छापामार कार्यवाही के दौरान 5 प्रतिष्ठान संचालकों द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक पॉलीथिन कैरी बैग, थर्माकोल प्लास्टिक बोतल आदि का विक्रय, संग्रहण करते पाए जाने पर संबंधितों पर 16 हजार 700 रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया जाकर अमानक सामग्री को जब्त करने की कार्यवाही की गई।
इन प्रतिष्ठानों पर हुई कार्यवाही
संयुक्त दल द्वारा कार्यवाही के दौरान रामलीला मैदान के सामने गोल बाजार स्थित महावीर ट्रेडर्स पर एक हजार रुपये, शिव भंडार के पास हनी डिस्पोजल पर पांच हजार रुपये, रामलीला मैदान पायल मार्केटिंग पर पांच हजार रुपये, कमानिया गेट गली विद्या स्टोर पर 700 रुपये तथा बी.डी अग्रवाल वार्ड सराय स्थित गुरु नानक इंडस्ट्रीज पर पांच हजार रुपये इस प्रकार कुल 16 हजार 700 रुपये की चालानी कार्यवाही की गई।
यह सामग्री की गई जब्त
संयुक्त कार्यवाही के दौरान कुल 1.27 क्विंटल अमानक पॉलीथिन, 112 बंडल थर्मोकोल थाली तथा 30 बोतल डिस्पोजल जब्त करने की कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रयोगशाला प्रभारी गणेश पाठक, गणेश पाठक, जे.पी.शुक्ला, भाग्यश्री सुहाने सहित नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, स्वास्थ्य निरीक्षक तेजभान सिंह, रतन परिहार, अतुल गुप्ता सहित अन्य कर्मचारियों की मौजूदगी रही। स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण एवं नगर की सुचारू सफाई व्यवस्था के मद्देनजर प्रतिबंधात्मक पॉलीथिन का विक्रय एवं संग्रहण करने वालों के विरूद्ध नगर निगम एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त कार्यवाही आगे भी अनवरत जारी रहेगी।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *